भाकपा का सीएमआरएल के सौदों से कोई संबंध नहीं है : बिनॉय विश्वम
भाकपा का सीएमआरएल के सौदों से कोई संबंध नहीं है : बिनॉय विश्वम
तिरुवनंतपुरम, 20 अगस्त (भाषा) भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के केरल प्रदेश सचिव बिनॉय विश्वम ने बृहस्पतिवार को पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. से जुड़े सीएमआरएल मामले पर सवालों को टालते हुए कहा कि वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की राजनीति कारोबार से अलग है और उनकी पार्टी की ऐसे लेन-देन में कोई भूमिका नहीं है।
इस मुद्दे पर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए विश्वम ने कहा कि इस मामले का भाकपा से कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘भाकपा इसमें कहीं भी शामिल नहीं है। पार्टी की ऐसे लेन-देन में कोई भूमिका नहीं है और भविष्य में भी कभी नहीं होगी। इसलिए, हमें इस बारे में कुछ नहीं कहना है। एलडीएफ की राजनीति कारोबार से अलग है।’’
भाकपा, माकपा की करीबी सहयोगी और एलडीएफ का एक प्रमुख घटक है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भाकपा वीणा के खिलाफ ईडी के मामले को राजनीतिक रूप से प्रेरित मानती है, जैसा कि माकपा का दावा है, तो विश्वम ने कहा, ‘‘राजनीति कारोबार से अलग है। भाकपा को इसमें कोई दिलचस्पी नहीं है।’’
प्रवर्तन निदेशालय ने बुधवार को एक बयान में कहा था कि उसने मई में वीणा से जुड़े परिसरों पर छापेमारी के दौरान कुछ ‘‘हस्तलिखित’’ नोट जब्त किए थे जिनमें दुबई में धन के कुछ हस्तांतरण का विवरण था।
एजेंसी ने यह भी दावा किया था कि इन छापों के दौरान वीणा से जब्त डिजिटल उपकरणों में एक सिम कार्ड की तस्वीर मिली जो कथित तौर पर किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर लिया गया था
ईडी ने कहा था कि वीणा ने इंटरनेट के जरिये फोन कॉल करने के लिए इस सिम कार्ड का कथित तौर पर इस्तेमाल किया था।
धनशोधन का यह मामला केरल की खनन कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) और अब बंद हो चुकी कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ से संबंधित है। वीणा ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ की प्रवर्तक थीं।
जांच इन आरोपों से जुड़ी है कि सीएमआरएल ने कोई सेवा प्राप्त किए बिना ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड’ को 2.78 करोड़ रुपये का भुगतान किया था।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


