ईडी मुख्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान माकपा नेताओं को हिरासत में लिया गया
ईडी मुख्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान माकपा नेताओं को हिरासत में लिया गया
नयी दिल्ली, 27 मई (भाषा) केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास पर की गई तलाशी के विरोध में दिल्ली में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मुख्यालय के बाहर माकपा महासचिव एम ए बेबी के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान पार्टी के नेताओं को हिरासत में लिया गया। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने यह जानकारी दी।
माकपा ने आरोप लगाया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया और ईडी कार्यालय के सामने प्रदर्शन के दौरान कई वरिष्ठ नेताओं को हिरासत में लिया।
पार्टी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि विजयन पर ‘‘लक्षित हमले’’ के विरोध में बेबी के नेतृत्व में शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया।
वामपंथी दल ने कहा, ‘‘केरल के विपक्षी नेता कॉमरेड पिनराई विजयन पर हुए लक्षित हमले के विरोध में माकपा महासचिव एमए बेबी के नेतृत्व में नयी दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन को दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। माकपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बेरहमी से पीटा और अपने साथ ले गई।’’
एक बयान में, माकपा ने कहा कि वरिष्ठ नेता वृंदा करात, पोलित ब्यूरो सदस्य अशोक धवले, मरियम धवले और विजू कृष्णन, केंद्रीय समिति सदस्य विक्रम सिंह और दिल्ली प्रदेश सचिव अनुराग सक्सेना समेत अन्य हिरासत में लिए गए। सौ से अधिक अन्य प्रदर्शनकारियों को भी हिरासत में लिया गया।
बेबी ने ईडी की कार्रवाई की निंदा की और आरोप लगाया कि विजयन के आवास पर तलाशी राजनीतिक रूप से प्रेरित थी। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल के मुख्यमंत्री वी डी सतीशन की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात के तुरंत बाद की गई यह कार्रवाई गंभीर सवाल खड़े करती है और राजनीतिक रूप से सुनियोजित प्रतीत होती है।
हिरासत में लिए गए नेताओं में शामिल वृंदा करात ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ईडी जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल करके विपक्षी नेताओं को ‘‘डराने-धमकाने और अपमानित करने’’ का आरोप लगाया।
करात ने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि केरल में उसके नेताओं ने विजयन के खिलाफ कार्रवाई को प्रोत्साहित किया।
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के महासचिव डी राजा ने भी विजयन का समर्थन किया और तलाशी की आलोचना की। राजा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में छापों को ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध का एक स्पष्ट कृत्य और भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों के बेशर्म दुरुपयोग का एक और उदाहरण’’ बताया।
अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने बुधवार को कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) मामले में विजयन की बेटी टी वीणा से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत विजयन के आवास और केरल में कई अन्य स्थानों पर तलाशी ली।
भाषा आशीष नरेश
नरेश
नरेश

Facebook


