माकपा ने मुस्लिम लीग को परोक्ष संदेश देना शुरू किया, कांग्रेस का पलटवार

माकपा ने मुस्लिम लीग को परोक्ष संदेश देना शुरू किया, कांग्रेस का पलटवार

माकपा ने मुस्लिम लीग को परोक्ष संदेश देना शुरू किया, कांग्रेस का पलटवार
Modified Date: December 10, 2022 / 08:28 pm IST
Published Date: December 10, 2022 8:28 pm IST

कोझिकोड/त्रिशूर, 10 दिसंबर (भाषा) मुस्लिम लीग को एक गैर सांप्रदायिक पार्टी करार देने के एक दिन बाद माकपा ने शनिवार को केरल में यूनइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) की अहम सहयोगी को परोक्ष संदेश देना शुरू कर दिया। माकपा ने कहा कि इसके दरवाजे उन दलों के लिए हमेशा से खुले रहे हैं जो अपने गलत राजनीतिक रुख को सुधारकर वाम राजनीति को स्वीकार कर लेते हैं। माकपा की मंशा को भांपते हुए कांग्रेस ने भी पलटवार किया है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि माकपा की मंशा राज्य में अपनी सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से से ध्यान हटाने की है।

माकपा राज्य सचिव एम वी गोविंदन की ओर से मुस्लिम लीग को लक्ष्य करके की गई पहल से स्पष्ट रूप से अप्रसन्न कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि उनकी चाल कामयाब नहीं होगी, क्योंकि पनक्कड़ थंगल परिवार द्वारा नियंत्रित पार्टी यूडीएफ की अटूट हिस्सा है।

माकपा की चाल के पीछे की असल मंशा को भांपते हुए इंडियन यूनिन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) प्रमुख पनक्कड़ सादिक अली शिहाब थंगल ने कहा कि गोविंदन ने उनकी पार्टी के बारे में जो कहा वह केवल राजनीतिक सच्चाई थी और इसे राजनीतिक आकलन के रूप में देखने की जरूरत नहीं थी।

उन्होंने यह भी कहा कि मुस्लिम लीग यूडीएफ का अपरिहार्य हिस्सा है और इसका ध्यान राज्य में कांग्रेस की अगुवाई वाले मोर्चे को मजबूत बनाने पर है।

केरल भाजपा अध्यक्ष के सुरेंद्रन ने गोविंदन के बयान की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि मुस्लिम लीग एक सांप्रदायिक पार्टी थी जिसने विभाजनकारी राजनीतिक रुख अपनाया।

मुस्लिम लीग के प्रति अपने रुख में स्पष्ट परिवर्तन का संकेत देते हुए गोविंदन ने शुक्रवार को कहा था कि मुस्लिम लीग सांप्रदायिक पार्टी नहीं है। उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के कथित कदम से संबंधित मुद्दे पर कांग्रेस से सहमत नहीं होने के लिए विपक्षी दलों के गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिकक फ्रंट (यूडीएफ) के प्रमुख घटक दल की प्रशंसा की। सत्तारूढ़ मोर्चे के अनुसार राज्यपाल केरल में विश्वविद्यालयों का ‘‘भगवाकरण’’ करने की कोशिश कर रहे हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या एलडीएफ के दरवाजे मुस्लिम लीग के लिए खुले हैं, गोविंदन ने शनिवार को कहा कि उनकी पार्टी के दरवाजे उन दलों के लिए हमेशा से खुले रहे हैं जो अपने गलत राजनीतिक रुख को सुधारकर वाम राजनीति को स्वीकार करते हैं।

गोविंदन के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने त्रिशूर में संवाददाताओं से कहा कि राज्य विधानसभा में कांग्रेस और इसके सहयोगी एक एकल पार्टी के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा की मंशा राज्य में अपनी सरकार के खिलाफ लोगों के गुस्से से ध्यान हटाने की है।

भाषा संतोष माधव

माधव


लेखक के बारे में