अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या तीन हुई

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या तीन हुई

अरुणाचल प्रदेश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या तीन हुई
Modified Date: June 28, 2026 / 05:01 pm IST
Published Date: June 28, 2026 5:01 pm IST

ईटानगर, 28 जून (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले में बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ के बाद जारी तलाशी और बचाव अभियान के बीच पड़ोसी पापुम पारे जिले में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इसके साथ ही बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के सचिव दानी सुलु ने बताया कि सौरभ कुमार खारवार का शव केयी पान्योर जिले के बाढ़ प्रभावित पूसा क्षेत्र से लगभग 35 किलोमीटर दूर हवा कैंप के पास मिला। शव को वापस लाने के लिए एक बचाव दल रवाना किया गया है।

सुलु के अनुसार, बुधवार सुबह लगातार हुई बारिश के कारण केयी पान्योर जिले में आई बाढ़ के बाद पांच लोग लापता हो गए।

उन्होंने बताया कि सौरभ का शव बरामद होने के साथ ही मृतकों की संख्या तीन हो गई है, जबकि दो अन्य अब भी लापता हैं। इससे पहले दो महिलाओं के शव बरामद किए गए थे। बाढ़ के बाद से जारी तलाशी और बचाव अभियान रविवार को पांचवें दिन में प्रवेश कर गया।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के 23 अतिरिक्त जवान रविवार को केयी पान्योर जिले के लिए रवाना किए गए।

उन्होंने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती के लिए कोई नया अनुरोध नहीं मिला है और केयी पान्योर में वह अब भी तैनात है।

दूसरी ओर, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार सुबह तक अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

भाषा प्रचेता रंजन

रंजन


लेखक के बारे में