रक्षा सचिव ने लेह सेक्टर में अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की
रक्षा सचिव ने लेह सेक्टर में अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की
लेह/जम्मू, आठ जून (भाषा) रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने लेह सेक्टर में भारत-चीन सीमाओं और भारत-पाकिस्तान सीमाओं से लगे अग्रिम क्षेत्रों का दौरा किया तथा लद्दाख में सैनिकों की अभियानगत तैयारियों, सीमा अवसंरचना और साजो-सामान संबंधी व्यवस्था की समीक्षा की।
आधार शिविर और उत्तरी हिमनद सहित पूर्वी लद्दाख में अग्रिम क्षेत्रों के दौरे में सिंह ने सैनिकों से बातचीत की और अत्यंत चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देश की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके अटूट समर्पण, साहस और पेशेवर रवैये की सराहना की।
रक्षा जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने पांच से सात जून 2026 तक लेह सेक्टर का दौरा किया और 14 कोर मुख्यालय में वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के साथ अभियानगत तैयारियों, सीमा अवसंरचना और साजो-सामान संबंधी व्यवस्था की समीक्षा की।’’
खबरों के अनुसार, उन्होंने ‘फायर एंड फ्यूरी कोर’ के मुख्यालय में वरिष्ठ सैन्य कमांडरों के साथ सुरक्षा संबंधी मौजूदा स्थिति और अभियानगत तैयारियों को मजबूत करने के कदमों पर विस्तृत चर्चा की।
उत्तरी सेना के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने भी रक्षा सचिव के दौरे के समय लद्दाख सेक्टर के अग्रिम क्षेत्रों का शनिवार को दौरा किया और मौजूदा सुरक्षा स्थिति एवं सैनिकों की अभियानगत तैयारियों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने बताया कि शर्मा को क्षेत्र में सेना की रक्षात्मक स्थिति को मजबूत करने के उद्देश्य से क्षमता बढ़ाने की जारी पहलों, अभियानगत तैयारियों और सीमा प्रबंधन उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
सेना कमांडर ने सुरक्षा संबंधी समग्र स्थिति की समीक्षा की और ऊंचाई वाले दुर्गम क्षेत्रों में तैनात सैन्य संरचनाओं की तैयारियों का आकलन किया।
उन्होंने सीमा पर उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखने और अभियानगत क्षमताओं को बढ़ाने के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों की भी समीक्षा की।
भाषा
सिम्मी दिलीप
दिलीप

Facebook


