दिल्ली कोचिंग हादसा: दिल्ली पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक के ससुर से पूछताछ की

दिल्ली कोचिंग हादसा: दिल्ली पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक के ससुर से पूछताछ की

दिल्ली कोचिंग हादसा: दिल्ली पुलिस ने कोचिंग सेंटर के मालिक के ससुर से पूछताछ की
Modified Date: July 30, 2024 / 10:25 pm IST
Published Date: July 30, 2024 10:25 pm IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) दिल्ली पुलिस ने ‘राव आईएएस स्टडी सर्किल’ की इमारत के ‘बेसमेंट’ में पानी भरने के कारण सिविल सेवा परीक्षा के तीन छात्रों की मौत की घटना में मंगलवार को संस्थान के मालिक के ससुर से पूछताछ की और नगर निगम के चार अधिकारियों को जांच में शामिल होने के लिए कहा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि उन्होंने वी.पी. गुप्ता से कोचिंग सेंटर के स्वामित्व अधिकारों के बारे में पूछताछ की। उन्होंने कहा कि ‘राव आईएएस स्टडी सर्किल’ के मालिक अभिषेक गुप्ता की पत्नी को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।

पुलिस ने बताया कि वी.पी. गुप्ता ने संपत्ति अपनी बेटी और दामाद के नाम पर कर दी है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हम कोचिंग सेंटर से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच कर रहे हैं। बेसमेंट के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जाएगी।’’

पुलिस इस मामले में अभिषेक गुप्ता और कोचिंग सेंटर के समन्वयक देशपाल सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। कोचिंग सेंटर वाली इमारत के ‘बेसमेंट’ के चार सह-मालिकों समेत पांच लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है।

वहीं, एक अन्य अधिकारी ने कहा कि पुलिस एक कार्यकारी अभियंता और एक सहायक अभियंता सहित नगर निगम के चार अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है। अधिकारी ने बताया कि चार पुलिस थानों- राजेंद्र नगर, रंजीत नगर, पटेल नगर और करोल बाग के ‘बीट अधिकारियों’ को अलग-अलग निर्देश जारी किए गए हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने बीट अधिकारियों और थाना प्रभारियों से कहा है कि वे ‘बेसमेंट’ वाली इमारतों की सूची तैयार करें और उन स्थानों की पहचान करें जहां जलभराव एक बड़ी समस्या है।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘अब तक 60 से अधिक इमारतों की पहचान की गई है और सूची एमसीडी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा की जाएगी। अगर चिह्नित इमारतों में किसी भी नियम का उल्लंघन पाया जाता है तो एमसीडी पुलिस को सूचित करेगी।’’

भाषा खारी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में