दिल्ली कांग्रेस ने इजराइल कैंप में पानी की ‘कमी’ को लेकर उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा
दिल्ली कांग्रेस ने इजराइल कैंप में पानी की 'कमी' को लेकर उपराज्यपाल और मुख्यमंत्री को पत्र लिखा
नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर दक्षिण दिल्ली के रंगपुरी पहाड़ी इलाके में स्थित इजराइल कैंप में पीने के पानी की भारी कमी का आरोप लगाया है और भीषण गर्मी के बीच इस संकट से निपटने के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
अपने पत्र में यादव ने कहा कि बस्ती में अपर्याप्त जल आपूर्ति के कारण 20,000 से अधिक निवासियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा, ‘भीषण गर्मी और पानी की अत्यधिक कमी के कारण इजराइल कैंप में बच्चों और वृद्धावस्था के लोगों को शारीरिक और मानसिक परेशनियों से गुजरना पड़ रहा है।”
यादव ने कहा कि बस्ती में ज्यादातर लोग आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों से संबंधित हैं और वे पानी खरीदने में असमर्थ हैं और पूरी तरह से सार्वजनिक आपूर्ति पर निर्भर हैं।
यादव ने आरोप लगाया कि दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) के तहत अधिसूचित क्षेत्र होने के बावजूद, कैंप में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि अधिकारियों द्वारा क्षेत्र में स्थापित बोरवेल को सील कर दिया गया है, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
कांग्रेस नेता ने सात अप्रैल के उच्च न्यायालय के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि अदालत ने दिल्ली जल बोर्ड को इजराइल कैंप के लिए 15 टैंकर प्रतिदिन तैनात करने के आदेश दिए है, लेकिन दिल्ली जल बोर्ड सिर्फ 6-7 टैंकर तैनात कर रहा है जो हजारों लोगों की जरूरत पूरी करने के लिए नाकाफी है।
यादव ने अधिकारियों से तत्काल आधार पर टैंकरों द्वारा पानी की आपूर्ति बढ़ाने का आग्रह किया और कहा कि इजराइल कैंप से करीब 50-60 मीटर दूरी पर दिल्ली नगर निगम स्कूल के नजदीक दिल्ली जल बोर्ड की पाइप लाइन को कैंप तक जोड़ा जा सकता है, तब तक कम से कम 10 सार्वजनिक नल लगाने की व्यवस्था की जाए।
यादव ने गर्मी में पानी की बढ़ती जरूरत के अनुसार कम से कम 30 पानी के टैंकर प्रतिदिन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव

Facebook


