दिल्ली की अदालत ने अंडरवर्ल्ड आतंकी मॉड्यूल के संदिग्ध को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
दिल्ली की अदालत ने अंडरवर्ल्ड आतंकी मॉड्यूल के संदिग्ध को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा
नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) दिल्ली की एक अदालत ने बृहस्पतिवार को 26 वर्षीय उस संदिग्ध को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया, जिसे दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ और महाराष्ट्र आतंकवाद-रोधी दस्ते ने ‘डी-कंपनी’ के एक गुर्गे और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंधों के आरोप में गिरफ्तार किया था।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट मृदुल गुप्ता ने हुजैफा फारूक अहमद हाशमी की हिरासत के अनुरोध वाली दिल्ली पुलिस की याचिका को स्वीकार कर लिया।
ठाणे की एक अदालत ने हुजैफा की ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए उसे पांच जून तक दिल्ली की अदालत में पेश करने का निर्देश दिया था।
सुनवाई के दौरान, जांचकर्ताओं ने चैट और बैंकिंग लेनदेन के स्क्रीनशॉट प्रस्तुत किए, जिससे यह साबित हुआ कि हुजैफा पाकिस्तान में रह रहे यावर खान के संपर्क में था।
हुजैफा को मुन्ना झिंगड़ा का करीबी सहयोगी बताया जाता है, जो मुंबई अंडरवर्ल्ड से जुड़ा है और माना जाता है कि झिंगड़ा कराची से अपनी गतिविधियां संचालित करता है।
जांच एजेंसियां मुंबई अंडरवर्ल्ड और आईएसआई के बीच कथित गठजोड़ की जांच कर रही हैं।
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


