दिल्ली : गाजीपुर स्थित फ्लैट में संदिग्ध रासायनिक गंध के बाद एक बच्ची की मौत

दिल्ली : गाजीपुर स्थित फ्लैट में संदिग्ध रासायनिक गंध के बाद एक बच्ची की मौत

दिल्ली : गाजीपुर स्थित फ्लैट में संदिग्ध रासायनिक गंध के बाद एक बच्ची की मौत
Modified Date: March 16, 2026 / 12:50 am IST
Published Date: March 16, 2026 12:50 am IST

नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में रविवार को एक फ्लैट में संदिग्ध रासायनिक गंध की चपेट में आने से ढाई साल की एक बच्ची की मौत हो गई, जबकि उसकी बड़ी बहन बेहोश हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, अपराह्न करीब 2:19 बजे गाजीपुर के आशीर्वाद अपार्टमेंट में स्थित एक फ्लैट से संदिग्ध रासायनिक गंध आने की सूचना पीसीआर कॉल के जरिए प्राप्त हुई।

पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ कॉल करने वाले ने बताया कि दो बच्चे एक कमरे में बेहोश हो गए हैं, जहां उनकी मां भी मौजूद थी। बच्चों को तुरंत नोएडा के सेक्टर-11 स्थित पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने छोटी बच्ची को मृत घोषित कर दिया। उसकी सात वर्षीय बड़ी बहन की हालत स्थिर है और वह फिलहाल सुरक्षित है।’’

प्रारंभिक जांच के तहत, एक अपराध जांच दल और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के अधिकारियों ने परिसर का निरीक्षण किया।

पुलिस ने बताया कि निरीक्षण के दौरान, टीमों को घटनास्थल पर किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि के तत्काल संकेत नहीं मिले।

अधिकारी ने कहा, ‘‘अपने शुरुआती बयान में बच्चों की मां ने पुलिस को बताया कि दोनों लड़कियां कमरे के अंदर एक साथ खेल रही थीं, तभी अचानक वे एक-दूसरे पर गिर पड़ीं और बेहोश हो गईं।’’

पुलिस इस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में