दिल्ली सरकार ने मच्छर जनित रोगों से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की

दिल्ली सरकार ने मच्छर जनित रोगों से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की

दिल्ली सरकार ने मच्छर जनित रोगों से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा की
Modified Date: June 24, 2026 / 10:31 pm IST
Published Date: June 24, 2026 10:31 pm IST

नयी दिल्ली, 24 जून (भाषा) दिल्ली सरकार ने मानसून से पहले बुधवार को डेंगू और मच्छर जनित अन्य बीमारियों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की तथा सभी विभागों को निवारक उपायों को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया।

एक बयान के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया की वर्तमान स्थिति एवं तैयारियों की व्यापक समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की तथा सभी संबंधित विभागों को जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक उपायों को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने दिल्ली में इन बीमारियों की वर्तमान स्थिति, निगरानी व्यवस्था, अस्पतालों की तैयारियों, मच्छर नियंत्रण गतिविधियों तथा जन-जागरूकता अभियानों की समीक्षा की।

बयान में कहा गया है कि 20 जून तक दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में डेंगू के 347, मलेरिया के 87 तथा चिकनगुनिया के 19 मामले सामने आए हैं। इस वर्ष अब तक डेंगू या मलेरिया से किसी मरीज की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

सिंह ने कहा, “दिल्ली सरकार डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमने राज्य में निगरानी व्यवस्था, अस्पतालों की तैयारियों, जांच सुविधाओं तथा मच्छर नियंत्रण उपायों को और मजबूत किया है।”

उन्होंने कहा, “हालांकि, डेंगू के खिलाफ लड़ाई केवल सरकारी प्रयासों से नहीं जीती जा सकती। इसमें जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है। प्रत्येक नागरिक को यह सुनिश्चित करना होगा कि उसके घर और आसपास कहीं भी मच्छरों के पनपने की स्थिति न बने।”

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों की शीघ्र पहचान और प्रभावी प्रबंधन के लिए एक सुदृढ़ निगरानी एवं त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र की व्यवस्था को विकसित किया है।

उन्होंने कहा कि एमसीडी, नई दिल्ली नगरपालिका परिषद और दिल्ली छावनी बोर्ड ने मच्छर नियंत्रण गतिविधियों को और तेज कर दिया है तथा 20 जून तक, मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान करने के लिए 1.81 करोड़ से अधिक घरों और परिसरों का निरीक्षण किया गया, जबकि 1.97 लाख से अधिक घरों में रसायन का छिड़काव किया गया।

अधिकारियों ने कहा कि लगभग 38,500 नोटिस जारी किए गए और मच्छर-प्रजनन संबंधी उल्लंघनों के संबंध में 4,200 से अधिक प्रवर्तन कार्रवाई की गई।

भाषा

नोमान नोमान सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में