दिल्ली सरकार ने 19.2 किलोमीटर लंबी यमुना एलिवेटेड रोड और मेट्रो विस्तार की योजना बनाई
दिल्ली सरकार ने 19.2 किलोमीटर लंबी यमुना एलिवेटेड रोड और मेट्रो विस्तार की योजना बनाई
नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार ने वजीराबाद से डीएनडी तक यमुना नदी के किनारे 19.2 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड सड़क के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया है। एक आधिकारिक बयान में रविवार को यह जानकारी दी गई है।
इसमें कहा गया है कि प्रस्तावित एलिवेटेड सड़क को तीन चरणों में बनाने की योजना है – सुरघाट से आईएसबीटी, आईएसबीटी से सराय काले खां और सराय काले खां से डीएनडी। इसके अलावा, त्रिपोलिया गेट से बर्फखाना तक 2.62 किलोमीटर लंबे फ्लाईओवर का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दिल्ली मेट्रो और उससे संबंधित सड़क एवं फ्लाईओवर परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की और इस बात पर जोर दिया कि आधुनिक और कुशल सार्वजनिक परिवहन प्रणाली सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।
बैठक में दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई परियोजनाएं तेजी से आगे बढ़ रही हैं, वहीं कुछ कार्यों में आ रही बाधाओं की लगातार पहचान कर उनका समाधान किया जा रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि 81 स्टेशनों वाला 104.45 किलोमीटर लंबा मेट्रो रेल नेटवर्क निर्माणाधीन है। उन्होंने कहा कि चौथे चरण के प्राथमिकता वाले गलियारे पर काम में तेजी आई है और कुल निर्माण कार्य 79.57 प्रतिशत पूरा हो चुका है।
कई प्रमुख गलियारों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें कृष्णा पार्क एक्सटेंशन से दीपाली चौक (लगभग 6.6 किमी), मजलिस पार्क से डेरावल नगर (3.5 किमी), डेरावल नगर से आर.के. आश्रम (7.4 किमी), तुगलकाबाद से संगम विहार (6.3 किमी), संगम विहार से साकेत जी ब्लॉक (4.3 किमी) और साकेत जी ब्लॉक से एयरोसिटी (12.6 किमी) शामिल हैं।
दिल्ली मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि इन गलियारों से शहर के विभिन्न हिस्सों में कनेक्टिविटी में काफी मजबूती आने की उम्मीद है।
मेट्रो के विस्तार के साथ-साथ कई महत्वपूर्ण एकीकृत सड़क और फ्लाईओवर परियोजनाओं पर भी काम जारी हैं।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि दिल्ली मेट्रो और इसके एकीकृत सड़क नेटवर्क के विस्तार से शहर की परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, जिससे आवागमन तेज और अधिक सुविधाजनक होगा, साथ ही भीड़भाड़ और प्रदूषण में भी काफी कमी आएगी।
भाषा
देवेंद्र रंजन
रंजन

Facebook


