दिल्ली सरकार ने ‘ड्रेनेज मास्टर प्लान’ के तहत 300 किलोमीटर तक नालियों के पुनर्निर्माण की योजना बनायी

दिल्ली सरकार ने ‘ड्रेनेज मास्टर प्लान’ के तहत 300 किलोमीटर तक नालियों के पुनर्निर्माण की योजना बनायी

दिल्ली सरकार ने ‘ड्रेनेज मास्टर प्लान’ के तहत 300 किलोमीटर तक नालियों के पुनर्निर्माण की योजना बनायी
Modified Date: March 3, 2026 / 04:50 pm IST
Published Date: March 3, 2026 4:50 pm IST

नयी दिल्ली, तीन मार्च (भाषा) दिल्ली सरकार ने नये ‘ड्रेनेज मास्टर प्लान’ के पहले चरण के तहत अगले वित्त वर्ष में 300 किलोमीटर के जल निकास नेटवर्क का पुनर्निर्माण करने की योजना बनाई है।

दिल्ली की अगले 30 वर्षों की जल निकासी संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए तैयार किये गये इस बहुप्रतीक्षित जल निकासी मास्टर प्लान (‘ड्रेनेज मास्टर प्लान’) को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पिछले साल सितंबर में जारी किया था।

एक सरकारी अधिकारी ने बताया, ‘‘हाल में आयोजित बजट संबंधी बैठक में यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष 300 किलोमीटर जल निकासी व्यवस्था के नवीनीकरण का कार्य किया जाएगा, जिसके लिए बजट संबंधी आवश्यकताएं सरकार को भेजी जाएंगी।’’

इस योजना का शहर में दो चरणों में कार्यान्वयन का प्रस्ताव है, जिसका उद्देश्य अगले तीन वर्षों में जलभराव की घटनाओं को 50 प्रतिशत तक और अगले पांच वर्षों में बाढ़ से संबंधित दुर्घटनाओं को 30 प्रतिशत तक कम करना है। इस कार्यान्वयन पर 57,362 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान है।

पीडब्ल्यूडी ने जलभराव वाले प्रमुख क्षेत्रों में कुछ जल निकासी पुनर्निर्माण परियोजनाओं को पहले ही मंजूरी दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, ये कार्य मास्टर प्लान के सुझावों के अनुसार किए जाएंगे।

अधिकारी ने बताया, ‘‘आज़ादपुर परियोजना, महरौली-बदरपुर सड़क, नांगलोई और कंझावला क्षेत्रों के लिए निविदाएं जारी कर दी गई हैं। हमारा जोर जुड़े हुए मार्गों पर योजनाबद्ध तरीके से नालियों का पुनर्निर्माण करने पर है ताकि लंबे समय से चली आ रही बुनियादी ढांचे की कमियों को व्यवस्थित ढंग से दूर किया जा सके।’’

उन्होंने कहा कि उत्तरी दिल्ली के मॉडल टाउन-दो, मॉडल टाउन-तीन और कुशल सिनेमा रोड में भी इसी तरह की नाली सुधार परियोजना पीडब्ल्यूडी द्वारा शुरू की गई है, जिसके लिए 48.13 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि अन्य सड़कों की भी पहचान की जा रही है।

भाषा

राजकुमार मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में