दिल्ली सरकार चार आईटीआई में आधुनिक प्रयोगशाला की शुरुआत करेगी: रेखा गुप्ता
दिल्ली सरकार चार आईटीआई में आधुनिक प्रयोगशाला की शुरुआत करेगी: रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल (भाषा) दिल्ली सरकार अपने चार औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) को उच्च तकनीक वाली प्रयोगशालाओं से लैस करेगी ताकि युवाओं को पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिक वाहनों और ऑटोमोटिव क्षेत्र में प्रशिक्षित किया जा सके।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह पहल कुशल और उद्योग के लिए तैयार कार्यबल के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा, “ये आधुनिक प्रयोगशालाएं न केवल तकनीकी क्षमताओं को बढ़ाएंगी बल्कि प्रशिक्षुओं को वास्तविक औद्योगिक प्रक्रियाओं से परिचित कराएंगी, जिससे रोजगार और स्वरोजगार दोनों के अवसर खुलेंगे।”
गुप्ता ने कहा कि यह कदम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्किल इंडिया’ और तकनीकी रूप से सशक्त युवा भारत के विजन को साकार करने की दिशा में एक ठोस कदम है, जो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएगा।
इस योजना के तहत, आईटीआई जहांगीरपुरी में एक समर्पित पावर इलेक्ट्रॉनिक्स प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री कार्यालय(सीएमओ) के एक बयान में कहा गया है कि यह संस्थान पावर इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल कंट्रोल सिस्टम, औद्योगिक ऑटोमोटिव और नवीकरणीय ऊर्जा में उन्नत प्रशिक्षण प्रदान करेगा।
बयान के अनुसार, इस प्रयोगशाला में आधुनिक उपकरण लगाए जाएंगे, जैसे प्रोग्रामेबल लॉजिक कंट्रोलर (पीएलसी) किट, वेरिएबल फ्रीक्वेंसी ड्राइव (वीएफडी) ट्रेनर, ट्रांसफॉर्मर ट्रेनर, मोटर कंट्रोल पैनल, रिले और प्रोटेक्शन सिस्टम, सोलर पीवी ट्रेनिंग किट और स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम।
यह प्रयोगशाला प्रशिक्षुओं को आधुनिक विद्युत और विद्युत इलेक्ट्रॉनिक्स प्रणालियों के संचालन, खामी के निदान और रखरखाव में व्यावहारिक अनुभव प्रदान करेगी।
बयान में कहा गया है कि आईटीआई जेल रोड (हरि नगर) में वेल्डर प्रयोगशाला का व्यापक आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसके मुताबिक, इस प्रयोगशाला में उन्नत वेल्डिंग मशीनें, सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण सुविधाएं और आधुनिक फैब्रिकेशन टूल स्थापित किए जाएंगे, जिससे प्रशिक्षुओं को आधुनिक औद्योगिक वेल्डिंग प्रक्रियाओं का व्यावहारिक अनुभव मिल सके।
बयान में बताया गया है कि आईटीआई अरब की सराय (निजामुद्दीन) में ऑटोमोटिव सेक्टर की प्रयोगशाला को आधुनिक तकनीकों के साथ अपग्रेड किया जाएगा और इसमें उच्च स्तरीय वर्चुअल रियलिटी (वीआर) सिमुलेटर के माध्यम से ड्राइविंग, वेल्डिंग और पेंटिंग का प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे प्रशिक्षुओं को सुरक्षित और यथार्थपरक वातावरण में जटिल कौशल सीखने का अवसर मिलेगा।
बयान के अनुसार, इसके अलावा आईटीआई एचजेबी मयूर विहार में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी, जो हरित परिवहन और भविष्य की ऑटोमोबाइल तकनीकों पर केंद्रित होगी। इसमें बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (बीएमएस), इलेक्ट्रिक मोटर्स और ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी तकनीकी खराबियों की जांच प्रणाली और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
भाषा नोमान
नोमान नरेश
नरेश

Facebook


