दिल्ली होटल अग्निकांड: लेखाकार जय मिश्रा ने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया
दिल्ली होटल अग्निकांड: लेखाकार जय मिश्रा ने अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण किया
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दक्षिण दिल्ली के होटल में आग लगाने की घटना में 22 लोगों की मौत के मामले में आरोपी जय मिश्रा ने सोमवार को यहां एक अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि होटल मालिक लवकेश बजाज के करीबी सहयोगी और लेखाकार मिश्रा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (मानव जीवन, स्वास्थ्य या सुरक्षा को खतरा पहुंचाना) के तहत 2024 में भी एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। होटल में सुरक्षा व्यवस्था न होने के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मालवीय नगर के हौज रानी इलाके में स्थित फ्लोरिश स्टेज ‘बेड एंड ब्रेकफास्ट’ में चार जून को लगी आग के बाद से ही मिश्रा जांचकर्ताओं की नजरों में था। उसे ढूंढने के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार में कई पुलिस टीमें छापेमारी कर रही थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मिश्रा बजाज को लगभग एक दशक से जानता है और उसके कई व्यावसायिक हितों के लिए बिचौलिए के रूप में काम करता था, साथ ही वित्तीय और लेखा संबंधी मामलों को भी संभालता था।
जांचकर्ताओं का मानना है कि उसने होटल के दैनिक कामकाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और इसके प्रबंधन, लाइसेंसिंग, वित्त और परिचालन संबंधी निर्णयों में उसकी संलिप्तता की सीमा की भी जांच की जा रही है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब दिल्ली पुलिस इस त्रासदी की जांच का दायरा बढ़ा रही है, जो हाल के वर्षों में राजधानी में हुए सबसे घातक होटल अग्निकांडों में से एक है।
पुलिस ने इससे पहले हिरासत में लिये गए होटल मालिक बजाज से, संपत्ति के स्वामित्व संरचना, वित्त, सुरक्षा अनुपालन और परिचालन प्रक्रियाओं के संबंध में पूछताछ की थी।
पूछताछ के दौरान, बजाज ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उसने होटल के संचालन का जिम्मा मिश्रा को सौंप दिया था।
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


