दिल्ली: अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

दिल्ली: अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

दिल्ली: अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार
Modified Date: October 8, 2025 / 07:25 pm IST
Published Date: October 8, 2025 7:25 pm IST

नयी दिल्ली, आठ अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके पास से 808 ग्राम हेरोइन बरामद की है जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में चार करोड़ रुपये से अधिक है।

पुलिस ने बताया कि यमुना पार क्षेत्र में चलाए गए इस अभियान में नकदी के अलावा दो मोबाइल फोन, एक स्कूटर आदि भी जब्त किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों की पहचान सरोज उर्फ ​​बाबू (30), राजकुमार (25) और दीपाली (22) के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि जांच 18 जुलाई को शुरू हुई, जब एक टीम ने सीमापुरी इलाके में सरोज को पकड़ा और उससे 789 ग्राम हेरोइन बरामद की। पूछताछ के दौरान सरोज ने खुलासा किया कि उसने इसे दीपाली से खरीदा था और इसे गाजियाबाद में राजकुमार को आपूर्ति करने वाला था।

अधिकारी ने बताया कि इसके बाद पुलिस ने 19 अगस्त को राजकुमार को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 19 ग्राम हेरोइन बरामद की, जबकि 25 सितंबर को दीपाली को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी स्थानीय ग्राहकों को छोटे पैकेट में हेरोइन की आपूर्ति करते थे।

पुलिस ने बताया कि पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

भाषा

शुभम अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में