दिल्ली: चिकित्सीय जटिलताओं के कारण थाने में व्यक्ति की मौत

दिल्ली: चिकित्सीय जटिलताओं के कारण थाने में व्यक्ति की मौत

दिल्ली: चिकित्सीय जटिलताओं के कारण थाने में व्यक्ति की मौत
Modified Date: February 24, 2026 / 11:14 am IST
Published Date: February 24, 2026 11:14 am IST

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) दक्षिण-पूर्व दिल्ली के पुल प्रह्लादपुर थाने में चिकित्सीय समस्याओं के कारण 62 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि संपत्ति के पुराने विवाद को लेकर अपने रिश्तेदारों के साथ हुए झगड़े के बाद उन्हें थाने लाया गया था।

अधिकारियों के अनुसार, मृतक की पहचान इलाके की मित्तल कॉलोनी निवासी शमशेर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, सोमवार अपराह्न करीब तीन बजे पीसीआर पर आए पांच फोन कॉल में इलाके में एक संपत्ति को लेकर झगड़े की सूचना दी गई।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने एक ही परिवार के दो समूहों को शमशेर सिंह और उनके भाई अर्जुन सिंह के बीच संपत्ति विवाद को लेकर तीखी बहस करते हुए पाया। दोनों पक्षों को अलग-अलग वाहनों में थाने ले जाया गया।’

अधिकारी ने कहा, ‘थाने में भी शमशेर सिंह अपने भाई और भतीजों पर चिल्लाते रहे। हालांकि, कुछ समय बाद उन्हें बेचैनी महसूस होने लगी और वह लेट गए। उनकी हालत बिगड़ती देख पुलिस उन्हें तुरंत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।’

अधिकारियों ने बताया कि सिंह को पहले से ही उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) और हृदय संबंधी समस्या थी। हाल के मेडिकल रिकॉर्ड से पता चला है कि उनकी ‘लेफ्ट एंटीरियर डिसेंडिंग आर्टरी’ शत प्रतिशत बंद हो गई थी।

पुलिस ने कहा कि निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मामले की सूचना न्यायिक मजिस्ट्रेट और राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) को दी जा रही है।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव


लेखक के बारे में