दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय निवेश धोखाधड़ी गिरोह के एक सदस्य को गोवा हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय निवेश धोखाधड़ी गिरोह के एक सदस्य को गोवा हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया
नयी दिल्ली, 14 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दुबई से चलाए जा रहे एक अंतरराष्ट्रीय निवेश धोखाधड़ी गिरोह के सदस्य को गिरफ्तार किया है, जिसने गिरोह के लिए ‘म्यूल’ बैंक खाते की व्यवस्था करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी रोनक जगदीश भाई ठक्कर को पांच फरवरी को गोवा के मोपा हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया था।
ठक्कर 2024 में अपराध शाखा पुलिस थाने में दर्ज एक मामले में वांछित था।
‘म्यूल’ बैंक खाते ऐसे खाते होते हैं, जिनका इस्तेमाल अपराधी खाताधारक की जानकारी के बिना या कभी-कभी उसकी मिलीभगत से अवैध धन लेन-देन या धनशोधन के लिए करते हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला तब सामने आया जब राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी ने शिकायत दर्ज कराई कि ‘ग्लोब कैपिटल मार्केट लिमिटेड’ के प्रतिनिधि बनकर धोखाधड़ी करने वालों ने उससे 61.72 लाख रुपये ठग लिए।
पीड़ित को कथित तौर पर एक समूह में जोड़ा गया और एक फर्जी मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश करने के लिए राजी किया गया। जब शिकायतकर्ता निवेश की गई राशि नहीं निकाल सका और उसे एप्लिकेशन के फर्जी होने का एहसास हुआ, तो उसने पुलिस से संपर्क किया।
जांच के दौरान, पुलिस ने फर्जी कंपनियों से जुड़े बैंक खातों में जमा राशि का पता लगाया।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) आदित्य गौतम ने बताया कि बाद में धनराशि को विभिन्न राज्यों में फैले कई म्यूल खातों में स्थानांतरित कर दिया गया था।
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


