दिल्ली पुलिस ने दरियागंज में दुकान से साढ़े तीन लाख रु चुराने के आरोपी को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने दरियागंज में दुकान से साढ़े तीन लाख रु चुराने के आरोपी को गिरफ्तार किया

दिल्ली पुलिस ने दरियागंज में दुकान से साढ़े तीन लाख रु चुराने के आरोपी को गिरफ्तार किया
Modified Date: June 8, 2026 / 05:43 pm IST
Published Date: June 8, 2026 5:43 pm IST

नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने दरियागंज स्थित एक दुकान से साढ़े तीन लाख रुपये नकद चोरी करने के आरोप में 33 वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अभिनाश कुमार पहले इसी दुकान में काम करता था। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के निवासी कुमार को पांच जून को गिरफ्तार किया गया।

मध्य दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि चोरी की घटना को लेकर तीन जून को दरियागंज थाने में शिकायत दी गई जिसमें तिलक नगर निवासी शिकायतकर्ता ने दावा किया कि अज्ञात लोगों ने दरियागंज के कूचा चालान स्थित उनकी दुकान का ताला तोड़कर कैश बॉक्स से लगभग 3.5 लाख रुपये से भरा बैग चुरा लिया।

जांच के दौरान, पुलिस ने अपराध में कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक स्कूटर की पहचान की।

उन्होंने बताया कि तकनीकी निगरानी और खुफिया जानकारी जुटाने के आधार पर जांचकर्ता कुमार तक पहुंचे, जिसने लगभग छह महीने पहले शिकायतकर्ता के साथ काम किया था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी अपराध करने के बाद उत्तर प्रदेश स्थित अपने पैतृक गांव लौट गया था। विशिष्ट सूचनाओं के आधार पर, टीम ने प्रतापगढ़ में उसका पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान कुमार ने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया और चोरी की रकम छुपाने की जगह भी बता दी।

सिंह के मुताबिक, उसके खुलासे के आधार पर पुलिस ने प्रतापगढ़ जिले के शुक्लपुर इलाके में गाड़ियों की मरम्मत करने वाली दुकान के पीछे झाड़ियों से चोरी किया गया बैग और 3.36 लाख रुपये नकद बरामद किए।

चोरी में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया स्कूटर भी गाजियाबाद के इंदिरापुरम से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने पाया कि वाहन किराए पर लिया गया था और आरोपी ने अपराध को अंजाम देने और पकड़े जाने से बचने के लिए कथित तौर पर इसका इस्तेमाल किया गया था।

भाषा

नोमान नरेश

नरेश


लेखक के बारे में