दिल्ली पुलिस ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट भवन से कूदने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को बचाया

दिल्ली पुलिस ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट भवन से कूदने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को बचाया

दिल्ली पुलिस ने आईएसबीटी कश्मीरी गेट भवन से कूदने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को बचाया
Modified Date: June 21, 2026 / 07:53 pm IST
Published Date: June 21, 2026 7:53 pm IST

नयी दिल्ली, 21 जून (भाषा) दिल्ली पुलिस ने यहां आईएसबीटी कश्मीरी गेट भवन की पांचवीं मंजिल से कथित तौर पर कूदने की कोशिश कर रहे 32 वर्षीय एक युवक को सुरक्षित बचा लिया एवं एक बड़ी दुर्घटना टाल दी। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, 19 जून को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की इमारत से कूदने की धमकी दे रहा है।

इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “आईएसबीटी पुलिस चौकी के मुख्य आरक्षी अजय और आरक्षी पीयूष तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि वह व्यक्ति पांचवीं मंजिल की खिड़की के बाहर बनी संकरी मुंडेर पर खड़ा था।”

उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों ने पहले उससे बातचीत कर उसे शांत करने का प्रयास किया और साथ ही बचाव अभियान की योजना बनाई।

अधिकारी ने कहा कि सुरक्षा के मद्देनजर उसकी कमर में एक मजबूत रस्सी बांधी गई, जिसका दूसरा सिरा भवन के भीतर सुरक्षित रूप से बांधा गया था।

अधिकारी ने कहा, “मुख्य आरक्षी अजय ने अपनी जान की परवाह किए बिना खिड़की से बाहर निकलकर युवक की ओर बढ़ने का साहसिक कदम उठाया। उचित अवसर मिलते ही उन्होंने उसे मजबूती से पकड़ लिया और सुरक्षित अंदर खींच लिया।”

उन्होंने बताया कि बचाए गए युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के उन्नाव निवासी मोहम्मद कमरान (32) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा कि उचित परामर्श दिए जाने और आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।

भाषा राजकुमार नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में