दिल्ली पुलिस ने चीनी मांझे के खिलाफ लिया ‘ ‘कुचू पुचू’ का सहारा
दिल्ली पुलिस ने चीनी मांझे के खिलाफ लिया ‘ 'कुचू पुचू' का सहारा
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया ट्रेंड ‘कुचू पुचू’ के जरिए लोगों से पतंग उड़ाने के लिए चीनी मांझे का इस्तेमाल नहीं करने की बुधवार को अपील की।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक संवाद के जरिए लोगों को चीनी मांझे के खतरों के बारे में जागरूक किया।
पोस्ट में एक व्यक्ति के पतंग उड़ाने की बात कहने पर उससे पूछा जाता है कि वह किस तरह का मांझा इस्तेमाल कर रहा है। जब वह चीनी मांझे का इस्तेमाल करने की बात कहता है, तो उसे इसके खतरों के बारे में बताया जाता है।
पुलिस ने कहा कि चीनी मांझा पक्षियों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक है। इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचता है और यह बिजली के तारों में उलझकर हादसे का कारण बन सकता है।
पोस्ट के अंत में व्यक्ति सुरक्षित मांझे का इस्तेमाल करने की बात कहता है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे पतंग उड़ाएं, लेकिन चीनी मांझे को ‘ना’ कहें।
पुलिस ने यह अपील ऐसे वक्त ही जब प्रतिबंधित चीनी मांझे के खिलाफ अभियान को तेज कर दिया गया है। पुलिस ने शहर के अलग अलग इलाकों से इस मांझे की अबतक 3500 से ज्यादा चरखियां जब्त की हैं।
चीनी मांझे से इस महीने ही साढ़े तीन साल के एक बच्चे समेत दो लोग जख्मी हो चुके हैं। वहीं इस साल मई में पांच वर्षीय बच्चे की परिवार के साथ दो पहिया वाहन से जाते समय चीनी मांझे की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
चीनी मांझे की खरीद-फरोख्त और उपयोग पर प्रतिबंध है। यह मांझा नायलॉन के धागे से बना होता है और इस पर कांच और धातु का लेप लगाया जाता है, जिससे यह आसानी से नहीं टूटता और घातक साबित होता है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश

Facebook


