दिल्ली: न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में ट्रक ने स्कूटर को मारी टक्कर, छात्र की मौत
दिल्ली: न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी में ट्रक ने स्कूटर को मारी टक्कर, छात्र की मौत
नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी इलाके में मथुरा रोड फ्लाईओवर पर एक ट्रक ने स्कूटर को टक्कर मार दी जिससे 19 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस को घटना की सूचना देर रात करीब 12.30 बजे मिली। ट्रक बदरपुर की ओर जा रहा था।
पुलिस ने बताया कि सराय जुलेना निवासी 19 वर्षीय मानव को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि 21 वर्षीय मोहम्मद साद का उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, स्कूटर उसके पिता के नाम पर पंजीकृत है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक 32 वर्षीय जाहुल को हिरासत में ले लिया गया है और वह हरियाणा के नूंह का निवासी है। पुलिस ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से ट्रक मालिक राशिद के लिए काम कर रहा था।
पुलिस ने बताया कि चालक ने दावा किया है कि उसके पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस है और वाहन बीमित है। पुलिस ने बताया कि हालांकि, संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि अपराध टीम ने मौके का निरीक्षण करके साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई हेलमेट नहीं मिला।
भाषा तान्या अमित
अमित

Facebook


