दिल्ली: चोरी का वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद ‘दूध चोर’ गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

दिल्ली: चोरी का वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद 'दूध चोर' गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

दिल्ली: चोरी का वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद ‘दूध चोर’ गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार
Modified Date: April 5, 2026 / 03:48 pm IST
Published Date: April 5, 2026 3:48 pm IST

नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में दुग्ध उत्पादों की चोरी का एक कथित वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद तथाकथित ‘दूध चोर’ गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपी दूध की आपूर्ति करने वाले वाहनों का पीछा करते थे और डिलीवरी के दौरान बिना निगरानी के छोड़े गए ‘क्रेट’ (दुग्ध सामान रखने वाली पेटी) चुरा लेते थे। उसने बताया कि वे चोरी के वाहनों का उपयोग करके चोरी का सामान ले जाते थे।

पुलिस उपायुक्त (बाहरी) विक्रम सिंह ने बताया कि एक टीम ने 300 से अधिक सीसीटीवी क्लिप का विश्लेषण किया और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से सुराग जुटाए, जिसके परिणामस्वरूप अंततः दो संदिग्धों मोहित उर्फ ​​पाठा (27) और आयुष मान पांडे उर्फ ​​पंडित (19) की पहचान हुई। उन्होंने बताया कि दोनों रनहौला के निवासी हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘26 मार्च का यह वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित हो रहा था, जिसके बाद दूध के क्रेट और डेयरी उत्पादों की चोरी में शामिल लोगों का पता लगाने के लिए एक लक्षित अभियान शुरू किया गया।’

सिंह ने बताया कि तीन अप्रैल को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों विकास नगर के एक गिरजाघर के पास पहुंचेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘एक जाल बिछाया गया और दोनों को एक तिपहिया वाहन से जाते समय पकड़ लिया गया।’’

अधिकारी ने कहा, ‘‘उनकी गिरफ्तारी से वाहन चोरी और दुग्ध उत्पाद चोरी सहित कुल पांच मामले सुलझा लिए गए हैं और जांच जारी है।’’

भाषा

शुभम गोला

गोला


लेखक के बारे में