दिल्ली: उत्तम नगर हिंसा के मामले में गवाह ने लगाया मारपीट का आरोप, थाने के बाहर जुटी भीड़

Ads

दिल्ली: उत्तम नगर हिंसा के मामले में गवाह ने लगाया मारपीट का आरोप, थाने के बाहर जुटी भीड़

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 12:35 AM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 12:35 AM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) दिल्ली के उत्तम नगर में इस साल होली के दौरान हुई झड़प में 26 वर्षीय तरुण बुटोलिया की हत्या के एक प्रमुख गवाह द्वारा आरोपी के रिश्तेदार पर मारपीट का आरोप लगाए जाने के बाद थाने के बाहर भीड़ जमा हो गई।

दिल्ली पुलिस ने हालांकि मंगलवार को मारपीट की बात को ‘अफवाह’ करार दिया और कहा कि उत्तम नगर में स्थिति सामान्य है तथा कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है।

द्वारका के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) कुशल पाल सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात कथित मारपीट के संबंध में पुलिस को सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

अधिकारी ने बताया कि इलाके में फैली ‘अफवाहों’ के कारण भीड़ जमा हो गई थी, लेकिन जांच करने पर स्थिति सामान्य पाई गई।

उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

मामले से परिचित लोगों ने बताया कि घटना के मामले में खुद को गवाह बताने वाले तरुण के चाचा ने आरोप लगाया कि एक आरोपी के रिश्तेदार ने उनके साथ मारपीट की, जिसके बाद भीड़ उत्तम नगर थाने के बाहर जमा हो गई।

गवाह ने आरोप लगाया कि जब वह काम से लौट रहा था, तब एक आरोपी के रिश्तेदार गोलू और एक अन्य व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की तथा उसे गवाही न देने को कहा।

उसने दावा किया कि कथित मारपीट में उसे चोटें आईं और उसे चिकित्सीय जांच के लिए ले जाया गया।

हस्तसाल इलाके में होली के दौरान हुए विवाद के बाद चार मार्च को तरुण बुटोलिया की लाठियों, बल्ले और लोहे की छड़ों से कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी।

विवाद तब शुरू हुआ, जब तरुण के परिवार के एक नाबालिग द्वारा फेंका गया पानी का गुब्बारा दूसरे समुदाय की एक महिला को लगा और उसके कपड़े पानी से भीग गए। इसके बाद इलाके में सामुदायिक तनाव पैदा हो गया।

हत्या के इस मामले के सिलसिले में पुलिस द्वारा दाखिल आरोप पत्र में दो नाबालिगों समेत 18 से अधिक लोगों को नामजद किया गया है।

भाषा नोमान नोमान जितेंद्र

जितेंद्र