कर्नाटक: आवासीय स्कूल के प्रधानाचार्य पर नौवीं कक्षा की छात्रा का यौन उत्पीड़न करने का आरोप

Ads

कर्नाटक: आवासीय स्कूल के प्रधानाचार्य पर नौवीं कक्षा की छात्रा का यौन उत्पीड़न करने का आरोप

  •  
  • Publish Date - September 30, 2026 / 12:40 AM IST,
    Updated On - September 30, 2026 / 12:40 AM IST

चिक्कबल्लापुर (कर्नाटक), 29 सितंबर (भाषा) जिले के एक सरकारी आवासीय स्कूल में रह रही नौवीं कक्षा की एक छात्रा का प्रधानाचार्य ने कथित तौर पर यौन उत्पीड़न किया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, कथित घटना 26 सितंबर को हुई।

प्राथमिकी के अनुसार, 15 वर्षीय छात्रा ने अपनी शिकायत में बताया कि शारीरिक शिक्षा की अर्धवार्षिक परीक्षा पूरी करने के बाद सभी छात्राएं प्रार्थना कक्ष में पढ़ाई कर रही थीं।

प्राथमिकी में कहा गया है कि अपराह्न करीब 2.30 बजे प्रधानाचार्य कथित रूप से उसे बहला-फुसलाकर मेडिसिन कक्ष में ले गए और उसे गलत तरीके से छूने के साथ ही उसका यौन उत्पीड़न किया।

इसमें कहा गया कि प्रधानाचार्य ने कथित रूप से उसे धमकी भी दी और घटना के बारे में किसी को नहीं बताने को कहा।

पुलिस ने बताया कि अगले दिन जब छात्रा के पिता छात्रावास आए तो उसने उन्हें घटना के बारे में बताया। पुलिस ने बताया कि इसके बाद उसके पिता उसे थाने ले गए और उसकी शिकायत के आधार पर प्रधानाचार्य के खिलाफ ढीबरहल्ली थाने में पॉक्सो (यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम) की संबंधित धाराओं और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(2) (आपराधिक धमकी) के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा अमित

अमित