बिरला के खिलाफ अविश्चास प्रस्ताव संबंधी खबरों पर कांग्रेस ने कहा: कार्रवाई का इंतजार कीजिए
बिरला के खिलाफ अविश्चास प्रस्ताव संबंधी खबरों पर कांग्रेस ने कहा: कार्रवाई का इंतजार कीजिए
नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने विपक्ष द्वारा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए जाने की तैयारी संबंधी खबरों को लेकर सोमवार को कहा कि ‘कार्रवाई का इंतजार कीजिए।’
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने यह भी आरोप लगाया कि अब सदन में विपक्ष के लिए कोई जगह नहीं रह गई है।
बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने संबंधी खबरों के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस नेता ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘वेट फॉर ऐक्शन्स (कार्रवाई का इंतजार कीजिए)।’’
वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘आप देख रहे हैं कि संसद में क्या हो रहा है। लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष ‘शैडो प्राइम मिनिस्टर’ (छाया प्रधानमंत्री) होता है। लेकिन लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को बोलने नहीं दिया जा रहा है। सत्तापक्ष के लोगों को कुछ भी बोलने की छूट दी जा रही है, यहां तक कि वे अपमानजनक टिप्पणियां भी कर रहे हैं।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘लोकसभा अध्यक्ष भी कांग्रेस सांसदों के खिलाफ आरोप लगा रहे हैं। सदन में विपक्ष के लिए कोई स्थान नहीं बचा है। किसी विपक्षी नेता को बोलने नहीं दिया जा रहा है। आप रिकॉर्ड उठाकर देख सकते हैं।’’
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया, ‘‘सरकार चाहती है कि संसद सिर्फ उसके लिए हो। आखिर संसद इस तरह कैसे चल सकती है।’’
भाषा हक
हक वैभव
वैभव

Facebook


