अधिवक्ताओं के साथ मारपीट में शामिल डाक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

अधिवक्ताओं के साथ मारपीट में शामिल डाक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग

अधिवक्ताओं के साथ मारपीट में शामिल डाक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग
Modified Date: June 8, 2026 / 09:23 pm IST
Published Date: June 8, 2026 9:23 pm IST

प्रयागराज (उप्र), आठ जून (भाषा) इलाहाबाद उच्च न्यायालय की युवा महिला अधिवक्ता जागृति शुक्ला की मौत हो जाने के बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने उनके तीमारदारों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने वाले डाक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

अधिवक्ता जागृति शुक्ला 20 मई को एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं जिन्हें इलाज के लिए यहां के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया था। अस्पताल के कुछ डाक्टरों ने घायल अधिवक्ता के तीमारदारों और साथी अधिवक्ताओं के साथ कथित तौर पर मारपीट की थी। इसके बाद उन्हें 21 मई को एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उन्हें लखनऊ एसजीपीजीआई रेफर कर दिया था।

अधिवक्ता की मृत्यु की खबर मिलने के बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन सोमवार को दोपहर बाद न्यायिक कार्य से विरत रहा। एसोसिएशन ने जागृति शुक्ला के तीमारदारों के साथ कथित तौर पर बुरी तरह मारपीट करने वाले डाक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

जागृति शुक्ला का सोमवार सुबह छह बजे निधन हो गया। उनकी मृत्यु का समाचार यहां उच्च न्यायालय पहुंचने पर बार एसोसिएशन ने तुरंत एक बैठक बुलाई और न्यायिक कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया।

एसोसिएशन का आरोप है कि चिकित्सीय लापरवाही के कारण जागृति की मृत्यु हुई। एसोसिएशन ने एक प्रस्ताव पारित कर उसकी प्रति मुख्य न्यायाधीश और अवकाश पीठ के न्यायाधीशों को भेजा। बार एसोसिएशन के समानांतर ‘एडवोकेट्स एसोसिएशन’ ने भी महिला अधिवक्ता की मृत्यु पर शोक प्रकट किया और दोषी डाक्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस बीच, अधिवक्ताओं के एक वर्ग ने उच्च न्यायालय के निकट अंबेडकर चौराहे पर धरना दिया और मारपीट की दुखद घटना के बाद निलंबित किए गए डाक्टरों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की।

अधिवक्ताओं ने कहा कि दोषी डाक्टरों के खिलाफ जब तक उचित कार्रवाई नहीं की जाती, वे धरना समाप्त नहीं करेंगे।

प्रयागराज के जनपद न्यायालय के अधिवक्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन करते हुए जागृति शुक्ला की मृत्यु के लिए जिम्मेदार डाक्टरों के खिलाफ नारेबाजी की।

भाषा सं राजेंद्र राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में