ब्लीचिंग पाउडर की खरीद में अनियमितताओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी : केरल मंत्री
ब्लीचिंग पाउडर की खरीद में अनियमितताओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी : केरल मंत्री
तिरुवनंतपुरम, 20 अगस्त (भाषा) केरल के स्वास्थ्य मंत्री के मुरलीधरन ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य सरकार के उपक्रम केरल मेडिकल सर्विसेज कॉरपोरेशन लिमिटेड (केएमएससीएल) द्वारा ब्लीचिंग पाउडर की खरीद में कथित अनियमितताओं की विस्तृत जांच कराई जाएगी।
मुरलीधरन ने गृह मंत्री रमेश चेन्निथला को पत्र लिखकर सतर्कता विभाग से जांच कराने की मांग की है।
यह मांग मीडिया में आई उन खबरों के बाद की गई, जिनमें आरोप लगाया गया था कि केएमएससीएल ने इस वर्ष 11 मार्च से छह मई के बीच ब्लीचिंग पाउडर की खरीद में 7.32 करोड़ रुपये का अनावश्यक खर्च किया।
पत्रकारों से बातचीत में मुरलीधरन ने कहा कि सतर्कता विभाग मामले की विस्तृत जांच करेगा और जांच से डरने की कोई वजह नहीं है। उन्होंने कहा कि ब्लीचिंग पाउडर की खरीद विधानसभा चुनाव के दौरान की गई थी।
उन्होंने कहा, “नतीजे घोषित होने के बाद भी ब्लीचिंग पाउडर खरीदने की इतनी जल्दी क्या थी? क्या नयी सरकार के कार्यभार संभालने के बाद इसकी खरीद नहीं की जा सकती थी? क्या इस बीच खरीदारी करना जरूरी था? यही वजह है कि इस मामले में संदेह पैदा हो रहा है।”
पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी वीणा टी. के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय की जांच में सामने आए नए खुलासों पर मुरलीधरन ने कहा कि राज्य सरकार का केंद्रीय जांच एजेंसी से कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा, “प्रवर्तन निदेशालय कांग्रेस के मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों के खिलाफ भी जांच कर रहा है। ऐसे में हम प्रवर्तन निदेशालय का इस्तेमाल कर दबाव कैसे बना सकते हैं? कानून को अपना काम करने दें। हम इस मामले पर कोई राय नहीं दे रहे हैं।”
माकपा के इस दावे पर कि प्रवर्तन निदेशालय की जांच राजनीतिक प्रतिशोध के तहत की जा रही है, मुरलीधरन ने कहा कि ऐसा कोई पहलू नहीं है, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय केंद्र सरकार के अधीन है।
उन्होंने कहा, “हमने कभी भी प्रवर्तन निदेशालय की जांच का समर्थन नहीं किया है। इसलिए जांच को अपनी प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ने दिया जाए। हम इसमें कोई हस्तक्षेप नहीं कर रहे हैं।”
भाषा तान्या रंजन
रंजन

Facebook


