हिप्र : भाजपा ने धर्मशाला के महापौर और उप महापौर चुनाव में जीत दर्ज की
हिप्र : भाजपा ने धर्मशाला के महापौर और उप महापौर चुनाव में जीत दर्ज की
धर्मशाला(हिप्र), एक जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश में कांगड़ा जिले के धर्मशाला नगर निकाय के महापौर और उप महापौर के लिए बुधवार को हुए चुनाव में भाजपा ने जीत दर्ज की है।
भाजपा उम्मीदवार शमशेर नेहरिया महापौर पद पर निर्वाचित घोषित किये गए जबकि पार्टी की ही प्रेरणा गुलेरिया उप महापौर चुनी गई। दोनों पदों पर सर्वसम्मति से चुनाव हुआ।
चुनाव की प्रक्रिया कांगड़ा के उपायुक्त हेमराज बैरवा के पर्यवेक्षण में हुई, जिन्होंने सदन की बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा भी मौजूद थे।
बैठक में भाजपा के सभी 11 पार्षदों और एक निर्दलीय पार्षद ने हिस्सा लिया। धर्मशाला नगर निगम में कुल 17 वार्ड हैं। हालांकि, कांग्रेस के पार्षद चुनाव से दूर रहे, जिसकी वजह से भाजपा के दोनों उम्मीदवारों को निर्विरोध जीत हासिल हुई।
इस बीच, धर्मशाला नगर निगम के चार अन्य पार्षदों और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के आरोप लगे हैं।
इस घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए उपायुक्त बैरवा ने कहा कि शिकायतों की जांच कानून के अनुसार की जाएगी। अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो आगे की कार्रवाई के लिए उचित सिफारिशें सक्षम अधिकारियों को भेजी जाएंगी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक शिकायतें चार कांग्रेस पार्षदों सहित पांच लोगों के खिलाफ की गई है।
भाषा धीरज नरेश
नरेश

Facebook


