पंजाब की ‘बिगड़ती’ कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करने के लिए ढिल्लों ने अमित शाह से मुलाकात की
पंजाब की ‘बिगड़ती’ कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा करने के लिए ढिल्लों ने अमित शाह से मुलाकात की
चंडीगढ़, सात जून (भाषा) भाजपा की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से उनके नयी दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की और पंजाब की ‘‘कानून-व्यवस्था की गंभीर चुनौतियों’’ पर चर्चा की।
पार्टी के एक बयान के अनुसार, बैठक के दौरान जिन मुद्दों पर चर्चा हुई उनमें राज्य में मादक पदार्थों का प्रसार, आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के अधीन ‘‘बिगड़ती’’ आंतरिक सुरक्षा स्थिति, नशीले पदार्थों और हथियारों की सीमा पार तस्करी समेत अन्य मुद्दे शामिल थे।
बयान के मुताबिक, ढिल्लों ने शाह को पंजाब को एकजुट करने वाले सिख शासक महाराजा रणजीत सिंह पर एक पुस्तक और महाराजा का एक चित्र भेंट किया।
बैठक के बाद ढिल्लों ने पंजाब के प्रति शाह की गहरी चिंता के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
ढिल्लों ने कहा, ‘‘पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है जिसका रणनीतिक महत्व बहुत अधिक है। आम आदमी पार्टी सरकार राज्य की जनता के प्रति पूरी तरह से विफल साबित हो चुकी है। मादक पदार्थों की तस्करी हमारे युवाओं को बर्बाद कर रही है, गुंडागर्दी फल-फूल रही है, और कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है।’’
भाषा शफीक नरेश
नरेश

Facebook


