द्रमुक प्रमुख स्टालिन तिरुचिरापल्ली में विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे
द्रमुक प्रमुख स्टालिन तिरुचिरापल्ली में विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे
तिरुचिरापल्ली (तमिलनाडु), नौ मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन सोमवार को पार्टी के 12वें राज्य सम्मेलन के मौके पर यहां त्रिची-चेन्नई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरुगनूर से पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे।
इस सम्मेलन का विषय है ‘स्टालिन सत्ता में बने रहें, तमिलनाडु की जीत हो’।
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि द्रमुक के अध्यक्ष स्टालिन ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित करने के अलावा आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर सकते हैं।
इससे पहले, स्टालिन ने पार्टी के कार्यकर्ताओं को लिखे एक पत्र में इस सम्मेलन को एक महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रम बताया था, जिसके जरिये द्रमुक 2026 के विधानसभा चुनाव के लिए तैयारी करेगी।
वह इस कार्यक्रम के दौरान पार्टी का झंडा फहराएंगे। आयोजकों ने लगभग दस लाख प्रतिभागियों के आने की उम्मीद जताई है।
स्टालिन ने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले भी इसी स्थान से इसी तरह के एक सम्मेलन को संबोधित किया था और महत्वपूर्ण चुनावी वादे किए थे।
द्रमुक के प्रधान सचिव और राज्य के नगर प्रशासन मंत्री के.एन. नेहरू के अनुसार सम्मेलन अपराह्न तीन बजे शुरू होगा।
द्रमुक ने 2021 के विधानसभा चुनावों में अकेले 133 सीट जीती थीं।
भाषा प्रचेता जोहेब
जोहेब

Facebook


