‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक से दूरी बना सकती है द्रमुक
‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक से दूरी बना सकती है द्रमुक
नयी दिल्ली, चार जून (भाषा) द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) अगले सप्ताह होने वाली ‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक से दूरी बना सकती है।
सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) की बैठक यहां आठ जून को बुलाई गई है।
सूत्रों का कहना है कि द्रमुक के इस बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है और इसकी प्रमुख वजह कांग्रेस का द्रमुक से अलग होना है।
पिछले महीने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने द्रमुक से अलग होकर सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) से गठबंधन कर लिया था।
इस बैठक में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सहित लगभग 15 विपक्षी पार्टियां शामिल होंगी।
‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेता भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार का मुकाबला करने और विपक्षी एकता को मजबूत करने के लिए अपनी साझा रणनीति पर चर्चा करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी, शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे एवं पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित कई नेताओं के इस बैठक में शामिल होने की संभावना है।
आम आदमी पार्टी (आप) पहले ही सार्वजनिक रूप से इस गठबंधन से खुद को अलग कर चुकी है और अब उसके इस बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है।
भाषा हक
हक नरेश
नरेश

Facebook


