द्रमुक ने कर्नाटक वन विभाग की कार्रवाई में तीन तमिलों की हत्या का मुद्दा उठाया

Ads

द्रमुक ने कर्नाटक वन विभाग की कार्रवाई में तीन तमिलों की हत्या का मुद्दा उठाया

  •  
  • Publish Date - August 25, 2026 / 01:57 PM IST,
    Updated On - August 25, 2026 / 01:57 PM IST

चेन्नई, 25 अगस्त (भाषा) तमिलनाडु में विपक्षी द्रमुक ने मंगलवार को कर्नाटक वन विभाग द्वारा तीन लोगों की हत्या किए जाने का मुद्दा तमिलनाडु विधानसभा में उठाया और प्रभावित परिवारों को न्याय दिलाने के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी मांगी। इन तीनों के तमिल होने का दावा किया जा रहा है।

विधानसभा में यह मुद्दा उठाते हुए विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने दावा किया कि मृतकों एंथनी सामी, जॉन रोज पीटर और कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलता है कि उन्हें “प्रताड़ित किया गया और बेहद नजदीक से गोली मारी गई।”

उदयनिधि ने कहा, “तीनों के शरीर पर गंभीर चोटें थीं और उनकी हड्डियां टूटी हुई थीं। यह निर्मम हत्या थी। मैं जानना चाहता हूं कि सरकार ने इसकी निंदा करने के लिए क्या कार्रवाई की है। क्या सरकार ने कम से कम कर्नाटक सरकार से स्पष्टीकरण मांगा है?”

उन्होंने पूछा कि क्या तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने दक्षिणी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में यह मुद्दा उठाया या कर्नाटक के अपने समकक्ष डी के शिवकुमार के समक्ष व्यक्तिगत रूप से तमिलनाडु की आपत्ति दर्ज कराई।

उन्होंने तीनों परिवारों को आवश्यक कानूनी सहायता उपलब्ध कराने और घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की।

विधानसभा अध्यक्ष जे सी डी प्रभाकर ने कहा कि 18 अगस्त को विपक्षी दलों द्वारा यह मुद्दा उठाए जाने पर राज्य के एक मंत्री जवाब दे चुके हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि कानून मंत्री जल्द ही विस्तृत जवाब देंगे।

एक सप्ताह में यह दूसरी बार है जब कर्नाटक वन विभाग द्वारा तीन ‘‘तमिल’’ लोगों की “हत्या” का मुद्दा तमिलनाडु विधानसभा में उठा है।

एंथनी सामी, जॉन रोज पीटर और कुमार कर्नाटक के चामराजनगर जिले के हनूर तालुक के गांवों में रहते थे और कथित तौर पर शिकारी थे। कावेरी वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र में 15 अगस्त की तड़के कर्नाटक वन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें गोली मार दी थी।

भाषा

राखी वैभव

वैभव