नयी दिल्ली, एक अगस्त (भाषा) अभिनेत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद कंगना रनौत ने अपनी फिल्मों के दृश्यों का उनके खिलाफ इस्तेमाल करने पर सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को आड़े हाथों लिया और कहा कि इस तरह के काम से युवाओं को गुमराह किया जा रहा है।
अभिनेत्री पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में हैं। दरअसल कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों को लेकर उनकी एक टिप्पणी सामने आई थी, जिसमें उन्होंने जेन-जेड को ‘गटर वाली पीढ़ी’ कहा था और उनके प्रदर्शन से जुड़े वीडियो को ‘उल्टी लाने वाला’ बताया था।
इसके जवाब में कई उपयोगकर्ताओं ने अभिनेत्री की फिल्मों और अन्य कार्यक्रमों की वीडियो क्लिप साझा करते हुए उनकी टिप्पणियों की आलोचना की।
कंगना ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा, ‘‘ आप मेरी फिल्मों के उन दृश्यों का इस्तेमाल करना चाहते हैं, जिनमें अभिनय करने के लिए मुझे करोड़ों रुपये मिलते हैं। आप उन बड़े मनोरंजन कार्यक्रमों की झलकियां दिखाना चाहते हैं, जहां मैं अपनी पूरी टीम, कार्यक्रम आयोजकों और सुरक्षा व्यवस्था के बीच होती हूं। क्या आप इन सबका इस्तेमाल करके संवेदनशील किशोरों को यह विश्वास दिलाना चाहते हैं कि वे भी सड़क पर, स्कूल के कार्यक्रमों में या छोटे-छोटे क्लबों में वैसा ही कर सकते हैं? क्या दोनों स्थितियां एक जैसी हैं?’
उन्होंने लिखा, ‘‘युवाओं को गुमराह न करें, यह दोनों बातें बिल्कुल अलग हैं। आज आप दूसरों के बच्चों को गुमराह कर रहे हैं, कल आपके अपने बच्चे भी इसका शिकार होंगे।’’
इससे पहले हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भाजपा सांसद कंगना ने इंस्टाग्राम पर एक अन्य पोस्ट में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के वीडियो को ‘गंदगी भरा, कचरा और भद्दापन’ करार दिया था।
भाषा सुमित शोभना
शोभना