(कोमल पंचमटिया)
मुंबई, एक अगस्त (भाषा) नेटफ्लिक्स की नयी श्रृंखला ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में देशभक्ति किसी अतिरंजित और फिल्मी कारनामों से नहीं, बल्कि वर्दी धारियों के मानवीय पहलू की कहानी को ईमानदारी से दिखाने से झलकती है। यह बात अभिनेता सिद्धार्थ और जिमी शेरगिल ने कही। दोनों कलाकारों का मानना है कि 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय वायुसेना की भूमिका से प्रेरित इस शो की सबसे बड़ी ताकत इसकी सच्चाई और मौलिकता है।
यह श्रृंखला 1999 के कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना द्वारा चलाए गए अभियान ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ पर आधारित है। यह कहानी वायुसेना के ‘गोल्डन एरोज’ दस्ते द्वारा अत्यंत कठिन परिस्थितियों और अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चलाए गए लड़ाकू अभियानों के साथ-साथ अधिकारियों और उनके परिवारों के निजी जीवन को भी दर्शाती है।
स्क्वाड्रन लीडर अजय आहूजा का किरदार निभाने वाले अभिनेता सिद्धार्थ ने बताया कि शुरुआत में वे इस परियोजना से जुड़ने को लेकर थोड़े झिझक रहे थे, क्योंकि यह वास्तविक घटनाओं और जीवित या दिवंगत वास्तविक हस्तियों पर आधारित थी।
अभिनेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को दिए साक्षात्कार में कहा, ‘मेरी झिझक की दो वजहें थीं। एक तो यह कि यह एक वास्तविक व्यक्ति की कहानी है और केवल मैं अकेला इस किरदार को श्रद्धांजलि नहीं दे रहा था, बल्कि इसके पीछे एक पूरी टीम थी। मुझे उनकी नीयत के बारे में अंदाज़ा नहीं था, क्योंकि इस तरह के विषय को व्यावसायिक रंग देकर आसानी से वाहावाही लूटना बहुत आसान होता है।’
उन्होंने कहा, ‘लेकिन उनकी नीयत बेहद साफ थी और उनका शोध इतना पुख्ता था कि मुझे शुरुआत से ही यह स्पष्ट हो गया था कि यह कारगिल युद्ध की पृष्ठभूमि में वायुसेना से जुड़ी एक बेहद मानवीय और भावनात्मक कहानी बनने जा रही है। इस अनुभव को बयां करने का यही सबसे सही तरीका है।’
सिद्धार्थ ने बताया कि जिस बात ने उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया, वह थी सैन्य रैंक के पीछे छिपे इंसान को समझने की कोशिश।
‘रंग दे बसंती’ में अपने अभिनय के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता ने कहा, ‘पायलट बनने से पहले वे इंसान हैं और उन इंसानों को समझने के लिए जो प्रयास किए गए, वे अद्भुत थे। इसका श्रेय पूर्व वायुसेना अधिकारी कुशल श्रीवास्तव को जाता है, जो इस कहानी के विचार की मुख्य कड़ी हैं। मुझे लगता है कि इसी वजह से इस परियोजना को एक बहुत ही खास और अनोखा रूप मिला।’
उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना और इस श्रृंखला में दर्शाए गए नायकों के परिवारों से मिले सहयोग और आशीर्वाद ने उन्हें इस परियोजना का हिस्सा बनने के लिए पूरी तरह आश्वस्त किया।
वहीं, विंग कमांडर बी. एस. धनोआ का किरदार निभा रहे जिमी शेरगिल ने कहा कि कहानी को पर्दे पर उतारते समय निर्माताओं को वास्तविकता के जितना हो सके करीब रहने के लिए प्रोत्साहित किया गया था।
‘हासिल’, ‘मकबूल’, ‘यहां, ‘ए वेडनेसडे’ और ‘साहब, बीवी और गैंगस्टर’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले जिमी शेरगिल ने कहा, ‘यह सब निर्माताओं की सोच पर निर्भर करता है कि उनकी अवधारणा क्या है और वे इसे कैसे बनाना चाहते हैं। इस कार्यक्रम के मामले में वायुसेना ने इन लोगों को यही निर्देश दिए थे कि इसे जितना हो सके वास्तविक और वास्तविक जीवन के करीब रखा जाए।’
इसके साथ ही उनका मानना है कि सिनेमा में देशभक्ति को दर्शाने के अलग-अलग तरीकों के लिए हमेशा गुंजाइश रहती है।
उन्होंने कहा, ‘अगर कोई निर्देशक बहुत अधिक एक्शन और भव्यता वाली फिल्म बनाना चाहता है, तो मुझे उसमें कुछ गलत नहीं लगता, आखिरकार यह सिनेमा है। जब तक फिल्म सही ढंग से बनाई गई है, लोग उसे पसंद करते हैं… हर किसी को अपनी तरह से कहानी पेश करने का हक है। जब तक काम अच्छा है, वह चलेगा ही। आप अपनी राय दूसरों पर नहीं थोप सकते। केवल इसलिए कि आपको उस तरह का काम पसंद नहीं, इसका मतलब यह नहीं कि वह बुरा है।’
सिद्धार्थ ने बताया कि इस परियोजना से जुड़ा हर व्यक्ति इस बात को लेकर पूरी तरह सजग था कि भारतीय वायुसेना के इस ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण अभियान को पर्दे पर उतारने के साथ कितनी बड़ी जिम्मेदारी जुड़ी हुई है।
अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव द्वारा निर्मित तथा ओनी सेन द्वारा निर्देशित ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ में अभय वर्मा, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्नव भसीन, दिया मिर्जा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन और अमृता बागची भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
मिहिर आहूजा और अर्नव भसीन दोनों के लिए ही अपने करियर के शुरुआती दौर में युद्ध नायकों का किरदार निभाने का मौका मिलना एक बड़ी उपलब्धि रही।
‘मेड इन हेवन’, ‘द आर्चीज’ और ‘विजय 69’ में अपने अभिनय के लिए सराहना बटोर चुके मिहिर आहूजा ने बताया कि कास्टिंग डायरेक्टर दीपक अग्रवाल ने फ्लाइंग ऑफिसर सी. एच. बाल रेड्डी के किरदार के लिए उनसे संपर्क किया था और उन्होंने टीम द्वारा दिए गए कॉम्बैट सूट (पायलट की पोशाक) को पहनकर ही ऑडिशन दिया था।
आहूजा ने बताया कि वह इस परियोजना से सबसे अंत में जुड़ने वाले कलाकारों में से एक थे। शूटिंग शुरू होने से कुछ ही दिन पहले उनका चयन हुआ और उन्हें सीधे बीकानेर वायुसेना स्टेशन पहुंचने के लिए कहा गया।
वहीं, ‘क्यूबिकल्स’ और ‘द इनसाइडर्स’ जैसे डिजिटल शो के लिए जाने जाने वाले अभिनेता अर्नव भसीन ने कहा कि इस श्रृंखला का हिस्सा बनना उनके लिए एक ‘सम्मान और सौभाग्य’ की बात है, क्योंकि यह भारतीय वायुसेना के सहयोग से बनी है।
मैचबॉक्स शॉट्स एलएलपी और फील गुड फिल्म्स द्वारा निर्मित यह श्रृंखला सात अगस्त को नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगी।
भाषा सुमित माधव
माधव