ग्रेटर नोएडा में ट्रक नाले में गिरा, सरिया शरीर में घुसने से चालक की मौत
ग्रेटर नोएडा में ट्रक नाले में गिरा, सरिया शरीर में घुसने से चालक की मौत
नोएडा (उप्र), 21 जुलाई (भाषा) ग्रेटर नोएडा में मंगलवार सुबह सरिया लदा ट्रक अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरा और इस दौरान सरिया केबिन को चीरते हुए चालक के शरीर में जा घुसा जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब छह बजे बादलपुर थाना क्षेत्र में छपरौला के पास जीटी रोड पर हुआ जब ट्रक गाजियाबाद से दादरी की ओर जा रहा था।
थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि वाहन अनियंत्रित होकर पहले बिजली के ट्रांसफार्मर से टकराया और फिर नाले में जा गिरा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान ट्रक में लदा सरिया केबिन को चीरते हुए चालक के शरीर में घुस गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को संभवतः झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद चालक के शव को बाहर निकाला।
थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी आमिर (28) के रूप में हुई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है।
उन्होंने बताया कि हादसे के कारण जीटी रोड पर कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। बाद में क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाकर यातायात सामान्य कराया गया।
भाषा सं शफीक खारी
खारी

Facebook


