चंडीगढ़ में ब्रिक्स देशों की पारंपरिक, पूरक और समेकित चिकित्सा पर बैठक शुरू
चंडीगढ़ में ब्रिक्स देशों की पारंपरिक, पूरक और समेकित चिकित्सा पर बैठक शुरू
चंडीगढ़, 21 जुलाई (भाषा) पारंपरिक, पूरक और एकीकृत चिकित्सा (टीसीआईएम) पर ब्रिक्स की बैठक मंगलवार को यहां शुरू हुई। ब्रिक्स स्वास्थ्य मंत्रिस्तरीय यह बैठक चार दिन तक चलेगी।
बैठक में शामिल प्रतिनिधि पारंपरिक, पूरक और एकीकृत चिकित्सा से जुड़े विशेषज्ञ कार्य समूह के कार्यक्षेत्र और शर्तों पर चर्चा कर उन्हें अंतिम रूप देंगे।
इस दौरान पारंपरिक, पूरक और समेकित चिकित्सा (टीसीआईएम) में क्षमता निर्माण, शिक्षा और मानव संसाधन विकास पर केंद्रित समानांतर सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मंत्रिस्तरीय बैठक में 21 देशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
बैठक का उद्देश्य सुदृढ़ स्वास्थ्य प्रणालियों, नवाचार, आपसी सहयोग और सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयासों को मजबूत करना है। संवाद और सहयोग के माध्यम से सदस्य देश साझा प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करेंगे, ताकि सभी के लिए बेहतर स्वास्थ्य परिणाम सुनिश्चित किए जा सकें।
उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ ब्रिक्स 2026 की स्वास्थ्य संबंधी बैठकों की मेजबानी कर रहा है।
ब्रिक्स 11 प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का एक बहुपक्षीय संगठन है। इसके सदस्य देशों में ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका सहित अन्य देश शामिल हैं।
भाषा तान्या पवनेश
पवनेश

Facebook


