ट्रैफिक कांस्टेबल को कार से टक्कर मारने के आरोप में शराब के नशे में धुत व्यक्ति गिरफ्तार

ट्रैफिक कांस्टेबल को कार से टक्कर मारने के आरोप में शराब के नशे में धुत व्यक्ति गिरफ्तार

ट्रैफिक कांस्टेबल को कार से टक्कर मारने के आरोप में शराब के नशे में धुत व्यक्ति गिरफ्तार
Modified Date: March 2, 2026 / 04:45 pm IST
Published Date: March 2, 2026 4:45 pm IST

हैदराबाद, दो मार्च (भाषा) नशे की हालत में गाड़ी चला रहे 24 वर्षीय एक व्यक्ति को ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल को टक्कर मारने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि कांस्टेबल द्वारा ‘लक्जरी’ कार के बोनट को पकड़े रहने के बावजूद वह वाहन चलाता रहा।

घटना 28 फरवरी को हुई, जिसके एक वीडियो में कांस्टेबल चलती गाड़ी के बोनट को पकड़े हुए दिखायी दे रहा है।

वह व्यक्ति कार चलाता रहा और कांस्टेबल को उसी अवस्था में लगभग एक किलोमीटर तक ले गया। आखिरकार लोगों ने उसे पकड़ लिया, जब कुछ वाहन चालकों ने रास्ता रोक दिया और उसे गाचीबोवली पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने बताया कि शराब पीकर गाड़ी चलाने की जांच की गई, जिसमें उसके रक्त में अल्कोहल की मात्रा (बीएसी) सामान्य सीमा से अधिक पाई गई।

कांस्टेबल ने एक टीवी चैनल को बताया कि जब वह ड्यूटी पर था, तो उसे नियंत्रण कक्ष से एक फोन आया, जिसमें उसे नानकरामगुडा में एक अन्य वाहन को टक्कर मारने के बाद तेजी से जा रही एक कार को रोकने के लिए कहा गया।

कांस्टेबल ने बताया कि उसने कार के चालक को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने गति धीमी कर दी।

कांस्टेबल ने बताया, ‘मैंने जब उसे गाड़ी से उतरने के लिए कहा, तो चालक ने अचानक गाड़ी की गति बढ़ा दी और मेरी तरफ बढ़ गया। गाड़ी से टक्कर लगने से मैं बोनट पर गिर गया। बोनट को पकड़े रहने के बावजूद वह गाड़ी को चलाता रहा। बोनट पर मुझे देखकर कुछ अन्य वाहन चालकों ने गाड़ी को रोक दिया।’

पुलिस ने बताया कि आरोपी व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा

शुभम दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में