डीयू ने स्नातक दाखिले के लिए स्पॉट राउंड-1 का कार्यक्रम जारी किया
डीयू ने स्नातक दाखिले के लिए स्पॉट राउंड-1 का कार्यक्रम जारी किया
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) ने बुधवार को ‘कॉमन सीट अलोकेशन सिस्टम’ (सीएसएएस) 2026-27 के तहत स्नातक पाठ्यक्रमों में ‘स्पॉट एडमिशन राउंड-1’ का कार्यक्रम जारी किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय ने अन्य स्नातक श्रेणियों, बीटेक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के कार्यक्रम भी घोषित किए।
विश्वविद्यालय ने कहा कि जिन उम्मीदवारों ने सीएसएएस (स्नातक)-2026 के लिए आवेदन किया था, लेकिन 22 अगस्त तक किसी भी कॉलेज में प्रवेश नहीं मिला, वे ‘स्पॉट एडमिशन राउंड-1’ में हिस्सा लेने के पात्र होंगे।
‘स्पॉट राउंड’ के लिए रिक्त सीटें 23 अगस्त को प्रदर्शित की जाएंगी। इसके बाद पात्र उम्मीदवार अपने डैशबोर्ड के माध्यम से 24 अगस्त को रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। इसके बाद आवंटित सीटों की घोषणा की जाएगी। उम्मीदवारों को 25 से 27 अगस्त के बीच आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी।
कॉलेज 28 अगस्त को शाम 4:59 बजे तक आवेदनों का सत्यापन और अनुमोदन करेंगे, जबकि प्रवेश शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 29 अगस्त होगी।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया कि ‘स्पॉट राउंड’ में भाग लेने वाले उम्मीदवारों के लिए आवंटित सीट पर प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
‘स्पॉट एडमिशन राउंड’ के दौरान सीट अपग्रेड कराने (अपनी पसंद के किसी दूसरे कॉलेज या बेहतर विकल्प में बदलने की सुविधा नहीं मिलेगी) या प्रवेश वापस लेने का विकल्प नहीं होगा। किसी विशेष ‘स्पॉट राउंड’ में आवंटित सीट अंतिम मानी जाएगी।
बीटेक पाठ्यक्रमों के लिए विश्वविद्यालय ने नये उम्मीदवारों के लिए प्रवेश प्रक्रिया के बीच में नये उम्मीदवारों को आवेदन करने का अतिरिक्त अवसर देने की घोषणा की है। यह सुविधा 13 अगस्त से 14 अगस्त शाम 4:59 बजे तक उपलब्ध रहेगी।
‘स्पॉट एडमिशन राउंड-2’ की घोषणा 17 अगस्त को की जाएगी। उम्मीदवारों को 17 से 19 अगस्त के बीच आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी।
दो वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय ने ‘स्पॉट राउंड-2’ की घोषणा की है। रिक्त सीटें 14 अगस्त को प्रदर्शित की जाएंगी।
उम्मीदवार 16 अगस्त तक ‘स्पॉट राउंड’ के लिए आवेदन कर सकेंगे और सीट आवंटन की घोषणा 19 अगस्त को की जाएगी।
उम्मीदवारों को 20 अगस्त शाम 4:59 बजे तक आवंटित सीट स्वीकार करनी होगी। विभाग 22 अगस्त शाम 4:59 बजे तक आवेदनों का सत्यापन और अनुमोदन करेंगे। शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 23 अगस्त होगी।
विश्वविद्यालय ने कहा कि जिन उम्मीदवारों ने सीएसएएस (स्नातकोत्तर)-2026 के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें किसी पाठ्यक्रम में प्रवेश नहीं मिला, वे अपने डैशबोर्ड के माध्यम से संबंधित पाठ्यक्रमों के ‘स्पॉट राउंड-2’ में भाग ले सकते हैं।
डीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए अपने एक वर्षीय स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के राउंड-1 और राउंड-2 का कार्यक्रम भी जारी किया है।
विश्वविद्यालय ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे प्रवेश से संबंधित आगे की जानकारी के लिए डीयू की प्रवेश वेबसाइट नियमित रूप से देखते रहें।
भाषा गोला पारुल
पारुल

Facebook


