भूटान में आए भूकंप के झटके सिक्किम और उत्तरी बंगाल तक महसूस किए गए

भूटान में आए भूकंप के झटके सिक्किम और उत्तरी बंगाल तक महसूस किए गए

भूटान में आए भूकंप के झटके सिक्किम और उत्तरी बंगाल तक महसूस किए गए
Modified Date: June 8, 2026 / 12:23 am IST
Published Date: June 8, 2026 12:23 am IST

गंगटोक/कोलकाता, सात जून (भाषा) भूटान में रविवार देर रात आए 5.6 तीव्रता के भूकंप के झटके सिक्किम और उत्तरी बंगाल के कुछ हिस्सों में भी महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए और इन राज्यों में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है।

‘अमेरिका भूगर्भीय सर्वेक्षण’ के अनुसार, भूकंप भूटान के पुनाखा के पास रात 11.06 बजे आया।

गंगटोक और सिक्किम के अन्य हिस्सों के निवासियों ने बताया कि उन्होंने कुछ सेकंड तक झटके महसूस किए, जिसके कारण कई लोग एहतियात के तौर पर अपने घरों से बाहर निकल आए।

सिक्किम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

सिलीगुड़ी शहर के कुछ स्थानों और पश्चिम बंगाल के कूच बिहार, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जिलों के लोगों ने बताया कि उन्होंने झटके महसूस किए और वे अपने घरों से बाहर निकल गए।

अधिकारियों ने बताया कि भूटान से सटे उत्तरी बंगाल के इन स्थानों में किसी के घायल होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई सूचना नहीं मिली है।

भाषा

संतोष सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में