आईएसआईएस में शामिल करने के लिए बरगलाने के मामले में ईडी ने बेंगलुरु में छापेमारी की
आईएसआईएस में शामिल करने के लिए बरगलाने के मामले में ईडी ने बेंगलुरु में छापेमारी की
बेंगलुरु, 21 जुलाई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठन ‘आईएसआईएस’ में युवाओं को शामिल होने के लिए कट्टरपंथी बनाने से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के तहत कर्नाटक में कई स्थानों पर छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय एजेंसी ने बेंगलुरु और आसपास के करीब आठ स्थानों पर छापेमारी की। यह कार्रवाई धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत की जा रही है।
यह जांच राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) की उस प्राथमिकी पर आधारित है, जो इकरा वेलफेयर ट्रस्ट, गाइडेंस फॉर मैनकाइंड और कुछ व्यक्तियों से जुड़े आईएसआईएस भर्ती मामले में दर्ज की गई थी।
एनआईए ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। एजेंसी का आरोप है कि प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन से जुड़े इन सभी आरोपियों ने मुस्लिम युवाओं को कट्टरपंथी बनाकर आईएसआईएस में शामिल होने के लिए प्रेरित करने की आपराधिक साजिश रची थी।
एनआईए के अनुसार, आरोपियों ने ‘इकरा कैंप’ नामक मुस्लिम ‘‘पर्सनैलिटी डेवलपमेंट’’ कार्यशाला और उससे शुरू किए गए साप्ताहिक ‘‘कुरान सर्किल’’ के माध्यम से युवाओं की पहचान की, उन्हें कट्टरपंथी बनाया और आईएसआईएस में भर्ती किया। आरोपियों ने इसके लिए धन जुटाया और उसका इस्तेमाल किया, साथ ही भर्ती किए गए युवाओं को तुर्किये के रास्ते सीरिया भेजने तथा आईएसआईएस में शामिल होकर सीरिया सरकार के खिलाफ लड़ने की व्यवस्था भी की।
भाषा तान्या शफीक
शफीक

Facebook


