ईडी ने पंजाब में रियल एस्टेट ‘धोखाधड़ी’ मामले में तलाशी अभियान चलाया
ईडी ने पंजाब में रियल एस्टेट 'धोखाधड़ी' मामले में तलाशी अभियान चलाया
चंडीगढ़, 26 मई (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय ने मंगलवार को पंजाब और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर एक रियल एस्टेट कंपनी और उसके प्रवर्तकों के खिलाफ तलाशी अभियान चलाया। अधिकारियों ने बताया कि यह तलाशी अभियान ग्रेटर मोहाली क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जीएमएडीए) के साथ कथित धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के तहत चलाया गया।
उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ रॉयल सिटी प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड (सीआरसीपीएल), रॉयल एस्टेट ग्रुप (मोहाली के जीरकपुर में) और प्रवीण कंसल उर्फ रॉकी, नीरज कंसल, दलजीत सिंह, अनुराग मिधा, लियाकत अली, सुमित बंसल और कुछ अन्य संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं के ठिकानों पर तलाशी ली गई।
यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत की गई है।
ईडी अधिकारियों ने बताया कि यह जांच जुलाई 2025 में पंजाब पुलिस (एसएएस नगर या मोहाली में) द्वारा सीआरसीपीएल के निदेशकों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश तथा जीएमएडीए को देय वैधानिक देनदारियों के भुगतान में चूक तथा मोहाली के कराला गांव में एक आवासीय कॉलोनी परियोजना से संबंधित 32.67 करोड़ रुपये के अमान्य चेक जमा करने के आरोप में दर्ज की गई प्राथमिकी से संबंधित है।
एजेंसी ने कहा कि उसकी प्रारंभिक जांच में पाया गया कि सीआरसीपीएल पर जीएमएडीए के प्रति “काफी” बकाया देनदारियां थीं, जबकि परियोजना निधि को कथित तौर पर संबंधित संस्थाओं के माध्यम से अन्य योजनाओं में लगाया गया था।
अधिकारियों के अनुसार, रॉयल एस्टेट ग्रुप से जुड़ी संस्थाओं के माध्यम से कुछ संदिग्ध अंतर-कंपनी लेनदेन और धन की हेराफेरी भी ईडी की जांच के दायरे में है।
उन्होंने बताया कि तलाशी के दौरान कुछ संपत्ति संबंधी दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं।
भाषा प्रशांत पवनेश
पवनेश

Facebook


