विजयन के घर के बाहर ईडी अधिकारियों के वाहनों पर हमला, पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया

विजयन के घर के बाहर ईडी अधिकारियों के वाहनों पर हमला, पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया

विजयन के घर के बाहर ईडी अधिकारियों के वाहनों पर हमला,  पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया
Modified Date: May 27, 2026 / 09:20 pm IST
Published Date: May 27, 2026 9:20 pm IST

तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के किराये के घर पर छापेमारी करने पहुंचे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों के वाहनों पर हुए हिंसक हमले के सिलसिले में पुलिस ने बुधवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया।

यह गिरफ्तारियां यहां पलायम स्थित मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) क्षेत्र समिति कार्यालय के बाहर पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ कई घंटों तक चले गतिरोध के बाद की गईं।

पूर्व मंत्री वी शिवनकुट्टी और के. सुरेंद्रन, विधायक वी जॉय तथा राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास सहित पार्टी नेताओं ने पुलिस को कार्यालय में प्रवेश की अनुमति देने से इनकार कर दिया, जबकि बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी बाहर तैनात रहे।

पार्टी नेताओं ने दावा किया कि ईडी अधिकारियों के वाहनों पर हमले में शामिल कोई भी व्यक्ति माकपा कार्यालय में मौजूद नहीं है और कहा कि उनके (पार्टी नेताओँ) जीवित रहते पुलिस को कार्यालय में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।

वहीं, पुलिस ने भी वहां से हटने से इनकार करते हुए कहा कि उसे संदेह है कि हमले के आरोपी पार्टी कार्यालय के भीतर मौजूद हैं।

इसके बाद माकपा कार्यालय के बाहर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और पार्टी नेताओं के बीच कई दौर की बातचीत हुई।

बाद में पुलिस उपायुक्त स्तर के एक अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि हमले में सीधे तौर पर शामिल 12 लोगों की पहचान की गई है, जिनमें से चार को हिरासत में लिया गया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी बाकी है।

उन्होंने कहा कि यह नहीं कहा जा सकता कि गिरफ्तार लोग पार्टी के पलायम क्षेत्र समिति कार्यालय के भीतर मौजूद थे या नहीं, क्योंकि पुलिस ने कार्यालय में प्रवेश नहीं किया।

हालांकि, टीवी चैनलों पर प्रसारित दृश्यों में हमले में कथित तौर पर शामिल कुछ लोगों को कार्यालय से बाहर आते और बाद में गिरफ्तार होते दिखाया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पार्टी नेताओं के बीच बातचीत के बाद आरोपी बताए जा रहे लोग कार्यालय से बाहर आए।

पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी ने कहा कि फिलहाल माकपा कार्यालय के बाहर पुलिस बल की तैनाती जारी रहेगी और स्थिति के अनुसार बल को हटाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को काम करने से रोकना और उनके वाहनों पर हमला करना आपराधिक कृत्य है तथा सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

अधिकारी ने पूर्व मुख्यमंत्री विजयन के किराये के घर के बाहर ईडी अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक से इनकार करते हुए कहा, “हमारे पास पर्याप्त पुलिस बल था।”

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) एच वेंकटेश ने संवाददाताओं से कहा कि मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और सुरक्षा व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद थोड़ी चूक हुई।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की बेटी की कंपनी और एक रेत खनन कंपनी के बीच कथित वित्तीय लेनदेन से जुड़ी हुई थी।

ईडी ने सीएमआरएल धनशोधन मामले में विजयन की बेटी वीणा टी के खिलाफ जांच के तहत केरल में कुल 10 परिसरों पर छापेमारी की। इनमें यहां बेकरी जंक्शन स्थित विजयन का किराये का घर और कन्नूर स्थित उनका स्थायी आवास भी शामिल है।

यह कार्रवाई केरल उच्च न्यायालय द्वारा कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) की उस याचिका को खारिज किए जाने के एक दिन बाद की गई, जिसमें कंपनी ने मामले में ईडी की कार्यवाही रद्द करने का अनुरोध किया था। अदालत के फैसले के बाद केंद्रीय एजेंसी को जांच जारी रखने की अनुमति मिल गई।

ईडी की जांच गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) की शिकायत पर आधारित है। आयकर विभाग के अंतरिम निपटान बोर्ड ने सीएमआरएल और वीणा की अब बंद हो चुकी कंपनी के बीच कुछ लेनदेन की वैधता पर सवाल उठाए थे।

ईडी के अनुसार, धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत 2024 में दर्ज मामले में आरोप है कि सीएमआरएल ने 2017 से 2020 के बीच वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया, जबकि इस आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में