हरियाणा के फरीदाबाद में बेटे और बहू ने मिलकर बुजुर्ग महिला की हत्या की
हरियाणा के फरीदाबाद में बेटे और बहू ने मिलकर बुजुर्ग महिला की हत्या की
फरीदाबाद, 30 मार्च (भाषा) हरियाणा में फरीदाबाद के सेक्टर-67 में जमीन के मुआवजे की रकम हड़पने के लिए कथित तौर पर 65-वर्षीय एक महिला की उसके ही बेटे और बहू ने हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसने जांच के बाद सदर बल्लभगढ़ थाने में हत्या का मामला दर्ज किया और पीड़िता की आरोपी बहू पूनम को गिरफ्तार कर लिया। उनके अनुसार, पूनम ने मुआवजे की रकम हड़पने के लिए अपनी सास के साथ मारपीट करने और गला घोंटने की बात कबूल की।
पुलिस ने बताया कि 16 मार्च को दोपहर एक से तीन बजे के बीच फरीदाबाद के सेक्टर-67 के मछगर गांव में हुई इस घटना में मृतक महिला के बेटे ललित ने भी अपनी पत्नी की मदद की। उसने बताया कि उसके फरार बेटे को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, मृतक महिला ओमवती के दो बेटे थे और दोनों विवाहित थे। वह कुछ समय से अपने बड़े बेटे ललित और बहू पूनम के साथ उसी घर में रह रही थी।
पुलिस ने बताया कि उसका छोटा बेटा अमित और उसकी पत्नी ममता बल्लभगढ़ की भीकम कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं।
पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
अपराध शाखा के प्रभारी रमेश खत्री ने बताया कि पुलिस ने पूनम को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि उसकी सास जमीन का मुआवजा और सेक्टर 67 स्थित घर अपनी छोटी बहू ममता और बेटे अमित को देना चाहती थी।
उन्होंने बताया कि 16 मार्च को पूनम और ओमवती के बीच इस मामले को लेकर बहस होने के बाद ललित और पूनम ने क्रोध में ओमवती पर हमला कर दिया और फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
अधिकारी ने बताया, ‘हम ललित को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रहे हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।’
भाषा शुभम सुरेश
सुरेश

Facebook


