निर्वाचन आयोग ने हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी को पंजीकरण प्रदान किया

निर्वाचन आयोग ने हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी को पंजीकरण प्रदान किया

निर्वाचन आयोग ने हुमायूं कबीर की आम जनता उन्नयन पार्टी को पंजीकरण प्रदान किया
Modified Date: March 5, 2026 / 08:09 pm IST
Published Date: March 5, 2026 8:09 pm IST

कोलकाता, पांच मार्च (भाषा) निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल के भरतपुर विधायक हुमायूं कबीर के राजनीतिक संगठन, आम जनता उन्नयन पार्टी को पंजीकरण प्रदान किया है, जोकि इसके औपचारिक रूप से एक पार्टी के रूप में मान्यता हासिल करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि अब पार्टी को नए राजनीतिक संगठन के गठन की घोषणा करते हुए अखबारों में विज्ञापन प्रकाशित करने होंगे।

यदि निर्धारित अवधि के भीतर कोई आपत्ति प्राप्त नहीं होती, तो चुनाव आयोग इसे एक राजनीतिक दल के रूप में पूर्ण मान्यता प्रदान करेगा, जिसके बाद पार्टी चुनाव चिह्न के लिए आवेदन कर सकती है।

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के कार्यालय ने इससे पहले कबीर की पार्टी के पंजीकरण की सिफारिश निर्वाचन आयोग से की थी।

सीईओ कार्यालय के सूत्रों ने संकेत दिया कि पंजीकरण से जुड़ी सभी प्रक्रियात्मक आवश्यकताओं को पूरा कर लिया गया है।

निर्वाचन आयोग के एक सूत्र ने बताया, ‘पार्टी ने राजनीतिक पार्टी के रूप में मान्यता के लिए आवश्यक सभी शर्तें पूरी कर ली हैं, और इसके पंजीकरण की सिफारिश चुनाव आयोग को भेज दी गई थी।’

हालांकि अधिकारियों ने सुझाव दिया था कि यदि सभी औपचारिकताएं पूरी हो जाती हैं तो इस प्रक्रिया में 15 दिन तक लग सकते हैं, लेकिन आयोग ने उम्मीद से पहले ही पंजीकरण को मंजूरी दे दी।

गौरतलब है कि कबीर ने पिछले साल 22 दिसंबर को अपनी नई राजनीतिक पार्टी के नाम की घोषणा की थी और साथ ही उसका घोषणापत्र भी जारी किया था।

कबीर ने 2016 के विधानसभा चुनाव में स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में ‘मेज’ चिह्न के साथ चुनाव लड़ा था और उन्होंने अपनी नई पार्टी के लिए भी इसी चिह्न को प्राथमिकता देने की बात कही थी।

हालांकि, पार्टी को वह चिह्न मिलेगा या कोई दूसरा चिह्न आवंटित किया जाएगा, इसका निर्णय निर्वाचन आयोग करेगा।

वैसे, कबीर ने शुरू में अपनी पार्टी का नाम ‘जनता उन्नयन पार्टी’ रखा था, लेकिन बाद में पता चला कि इसी नाम से एक छोटी पार्टी पहले से मौजूद है, इसलिए उन्हें नाम बदलना पड़ा।

उन्होंने बताया कि बाद में इस पार्टी का नाम बदलकर ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ कर दिया गया।

भाषा तान्या पवनेश

पवनेश


लेखक के बारे में