प्रख्यात हस्तियों ने एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन की निंदा की

प्रख्यात हस्तियों ने एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन की निंदा की

प्रख्यात हस्तियों ने एआई शिखर सम्मेलन में युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन की निंदा की
Modified Date: February 24, 2026 / 06:56 pm IST
Published Date: February 24, 2026 6:56 pm IST

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) पूर्व न्यायाधीशों और राजनयिकों सहित 227 प्रख्यात हस्तियों ने पिछले हफ्ते ‘एआई इंपैक्ट समिट’ में युवा कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शनों की मंगलवार को निंदा की। उन्होंने इस विरोध-प्रदर्शन को “अक्षम्य तमाशा” करार देते हुए आरोप लगाया कि यह असहमति की सहज अभिव्यक्ति नहीं, बल्कि “नुकसान पहुंचाने का सोचा-समझा कृत्य” था।

इन हस्तियों ने एक संयुक्त बयान में भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के विरोध-प्रदर्शन को “वैश्विक निवेशकों और साझेदारों को अस्थिरता का संकेत देने के लिए पैदा किया गया राष्ट्र-विरोधी व्यवधान” करार दिया। उन्होंने “मातृभूमि के सार्वजनिक अपमान” में गर्व महसूस करने वाली राजनीतिक संस्कृति को “सामूहिक रूप से अस्वीकार” करने का आह्वान किया।

बयान में कहा गया है, “भारत मंडपम के गलियारों में भारतीय युवा कांग्रेस के सदस्यों की ‘कमीज उतारकर’ विरोध-प्रदर्शन करने की हालिया अक्षम्य घटना राष्ट्रीय गरिमा का घोर अपमान है।”

इसमें कहा गया है कि युवा कांग्रेस का विरोध-प्रदर्शन इसलिए और भी घृणित है, क्योंकि यह असहमति की सहज अभिव्यक्ति नहीं था, बल्कि “नुकसान पहुंचाने का सोचा-समझा कृत्य” था।

बयान के मुताबिक, “जागरूक नागरिक होने के नाते हम राष्ट्रीय महत्व के इस अवसर को दलगत तमाशे के लिए इस्तेमाल करने के प्रयास की कड़ी निंदा करते हैं। देशभक्ति के मामले में राजनीति नहीं की जानी चाहिए और अंतरराष्ट्रीय मंच किसी भी राजनीतिक दल के अशोभनीय आंतरिक झगड़ों के लिए वर्जित होने चाहिए। ऐसे कृत्यों से किसी सरकार को नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र को चोट पहुंची है।”

संयुक्त बयान पर दस्तखत करने वालों में दिल्ली उच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश बीसी पटेल सहित 26 न्यायाधीश, विभिन्न राज्यों के पूर्व पुलिस प्रमुख समेत 102 सेवानिवृत्त नौकरशाह, 11 पूर्व राजदूत और 149 सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी शामिल हैं।

युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के एक समूह ने बीते शुक्रवार को शिखर सम्मेलन स्थल के हॉल नंबर 5 के अंदर कमीज उतारकर और सरकार तथा भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ लिखे नारे वाली टी-शर्ट हाथ में लेकर विरोध-प्रदर्शन किया था, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें वहां से हटा दिया था।

दिल्ली पुलिस ने विरोध-प्रदर्शन के सिलसिले में युवा कांग्रेस के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिसमें संगठन के अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं।

भाषा पारुल दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में