‘पार्श्व गायिकी के एक युग का अंत’ : कांग्रेस ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया
‘पार्श्व गायिकी के एक युग का अंत’ : कांग्रेस ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया
नयी दिल्ली, 12 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को प्रख्यात गायिका आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया और पार्टी प्रमुख मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इसके साथ ही पार्श्व गायन के एक युग का अंत हो गया है।
अपनी अनूठी आवाज से हिंदी पार्श्व गायन में अपना एक अलग मुकाम बनाने वाली आशा भोसले का रविवार को निधन हो गया।
खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आशा भोसले के निधन से पार्श्व गायन के एक युग का अंत हो गया है। बहुमुखी प्रतिभा और गरिमा की प्रतीक, उनकी अनूठी गायन शैली को दुनिया भर में लाखों लोगों ने सराहा।”
कांग्रेस अध्यक्ष ने लिखा, “पद्म विभूषण से सम्मानित भोसले अब तक की सबसे अधिक रिकॉर्ड की गई कलाकारों में से एक हैं। हिंदी फिल्मी गीतों से लेकर भावपूर्ण गजलों तक, भजनों से लेकर कव्वालियों तक, उन्होंने कई भाषाओं में गीतों को अपनी आवाज दी।”
उन्होंने कहा, “उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।”
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भोसले की आवाज के माध्यम से उनकी गायिकी लोगों के बीच हमेशा अमर रहेगी।
‘एक्स’ पर हिंदी में किये गए एक पोस्ट में गांधी ने कहा कि उनके निधन का समाचार अत्यंत दुखद है।
गांधी ने लिखा, “उनकी आवाज के माध्यम से उनकी कला सदा हमारे बीच अमर रहेगी। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके शोकाकुल प्रियजनों और प्रशंसकों के साथ है।”
कांग्रेस ने भी ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में गायिका के निधन पर शोक व्यक्त किया।
पार्टी ने कहा कि मशहूर गायिका आशा भोसले का निधन संगीत जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ खाते पर लिखा, “अपनी कला से पूरी दुनिया में भारत का नाम ऊंचा करने वाली आशा जी की मधुर आवाज हमेशा हमारी यादों में जिंदा रहेगी। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिवार व प्रशंसकों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें। भावभीनी श्रद्धांजलि!”
भाषा प्रशांत नरेश
नरेश

Facebook


