विजयवाड़ा (आंध्र प्रदेश), नौ अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने रविवार को कहा कि राज्य के हर आदिवासी परिवार को 2027 तक सुरक्षित पेयजल और आवास उपलब्ध करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार आदिवासी समुदायों के कल्याण और उनके अधिकारों के प्रति प्रतिबद्ध है।
विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर यहां आंबेडकर कला वेदिका में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नायडू ने कहा कि आदिवासी समुदाय प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर रहते हैं और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं को संरक्षित रखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राजग की आदिवासी समुदायों के कल्याण और अधिकारों के प्रति प्रतिबद्धता के अनुरूप राज्य के प्रत्येक आदिवासी परिवार को 2027 तक सुरक्षित पेयजल और आवास उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।’’
नायडू ने कहा कि दूर-दराज के आदिवासी इलाकों में लोगों को मरीजों को डोली में ले जाने जैसे पारंपरिक तरीकों पर निर्भर न रहना पड़े, इसके लिए 108 और 104 मोबाइल चिकित्सा इकाईयों के साथ-साथ फीडर एम्बुलेंस भी तैनात की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में डिजिटल संपर्क बेहतर बनाने के लिए मोबाइल टावर लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने यहां के 27.3 लाख आदिवासियों के विकास के लिए 4,764 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। एकीकृत आदिवासी विकास एजेंसियां बुनियादी ढांचे, रोजगार, आजीविका और कौशल विकास पर काम कर रही हैं।
भाषा
शुभम धीरज
धीरज