अतिरिक्त सिलेंडर हो सकता है कारण: दिल्ली सीएनजी स्टेशन विस्फोट पर आईजीएल

अतिरिक्त सिलेंडर हो सकता है कारण: दिल्ली सीएनजी स्टेशन विस्फोट पर आईजीएल

अतिरिक्त सिलेंडर हो सकता है कारण: दिल्ली सीएनजी स्टेशन विस्फोट पर आईजीएल
Modified Date: August 20, 2026 / 03:38 pm IST
Published Date: August 20, 2026 3:38 pm IST

नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के टिकरी कलां इलाके में एक ट्रक के सीएनजी सिलेंडर में गैस भरने के दौरान बुधवार को विस्फोट हो गया था और इस बात की आशंका है कि वाहन में अतिरिक्त सिलेंडर लगाने के कारण यह घटना हुयी है। इस धमाके में तीन लोगों की मौत हो गयी थी । इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) ने बृहस्पतिवार को एक बयान में इसकी जानकारी दी।

राजधानी में प्राकृतिक गैस की आपूर्ति करने वाली कंपनी आईजीएल ने कहा कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक में केवल छह सीएनजी सिलेंडर लगाने की क्षमता थी। हालांकि, ऐसा प्रतीत होता है कि घटना के समय वाहन में कुछ अतिरिक्त सिलेंडर लगाए गए थे।

आईजीएल ने कहा कि इन अतिरिक्त सिलेंडर की वैधता और घटना के वास्तविक कारण की जांच संबंधित प्राधिकरणों द्वारा की जा रही है।

कंपनी ने बुधवार को हुए इस विस्फोट में लोगों की मौत पर ‘गहरी संवेदना’ व्यक्त की और कहा कि वह प्रभावित परिवारों तथा लोगों की जरूरतों के प्रति संवेदनशील है।

आईजीएल ने अपने बयान में कहा, ‘आईजीएल ऐसी घटनाओं के मामले में लागू सभी प्रोटोकॉल का पालन कर रहा है। आईजीएल के सभी कार्यों में सुरक्षा हमेशा से एक बुनियादी प्राथमिकता रही है और आगे भी रहेगी। हम उच्चतम सुरक्षा मानकों को बनाए रखने और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’

जिस ईंधन स्टेशन पर धमाका हुआ, उसका स्वामित्व ‘आद्या एनर्जीज’ के पास था और वही उसका संचालन करती थी।

इस हादसे में मारे गए तीनों लोग ईंधन स्टेशन के कर्मचारी थे। इनके अलावा तीन अन्य लोग घायल हुए हैं। यह विस्फोट उस समय हुआ, जब ट्रक के सीएनजी सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी।

भाषा

शुभम रंजन

रंजन


लेखक के बारे में