कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग की कैंटीन से उपयोग अवधि पार कर चुके खाद्य पदार्थ जब्त किए गए
कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग की कैंटीन से उपयोग अवधि पार कर चुके खाद्य पदार्थ जब्त किए गए
बेंगलुरु, 12 अगस्त (भाषा) कर्नाटक में स्वास्थ्य विभाग के खाद्य सुरक्षा प्रभाग की टीम ने बुधवार को होटल, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण फिर शुरू किया।
टीम ने यहां विभाग के मुख्यालय स्थित कैंटीन का भी निरीक्षण किया, जहां उपयोग की अंतिम तिथि पार कर चुके खाद्य पदार्थ जब्त किए गए और स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन पाया गया।
अधिकारियों ने यहां विधान सौध, विधायकों के आवास और एमएस बिल्डिंग परिसर में स्थित होटलों तथा खाद्य कारोबार से जुड़े अन्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया।
अधिकारियों के अनुसार, मागड़ी रोड स्थित आरोग्य सौध कैंटीन की रसोई में इडली रवा और नारियल पाउडर जैसे उपयोग की अंतिम तिथि पार कर चुके खाद्य उत्पाद मिले।
अधिकारियों के अनुसार, खाद्य उत्पादों का एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार भंडारण भी नहीं किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि कीट नियंत्रण के उपाय भी नहीं किए गए थे, जिसके कारण परिसर में अस्वच्छता की स्थिति थी।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने एक बयान में कहा कि कैंटीन में पाई गई अस्वच्छता की परिस्थितियों को देखते हुए परामर्श नोटिस जारी किया गया है।
विभाग ने बताया कि परिसर में स्थित नंदिनी पार्लर में निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को लेबलिंग संबंधी नियमों का उल्लंघन मिला और उन्होंने एक परामर्श नोटिस जारी किया।
सरकारी भवनों के परिसर में स्थित चार होटलों का निरीक्षण किया गया जिनमें विभिन्न कमियां पाई गईं। विभाग ने बताया कि संबंधित होटलों को परामर्श नोटिस जारी किए गए हैं।
अधिकारियों ने विधान सौध से सटे विधानमंडल सदस्यों के आवास परिसर में निजी संचालक द्वारा चलाए जा रहे एक रेस्तरां का निरीक्षण किया और वहां अस्वच्छ स्थिति पाई। उन्होंने बताया कि एक परामर्श नोटिस जारी किया गया तथा रसोई में कॉकरोच भी पाए गए।
भाषा संतोष अमित
अमित

Facebook


