पाकिस्तान में गुरुद्वारा ‘ढहाये जाने’ के मामले में हस्तक्षेप करे विदेश मंत्रालय: डीएसजीएमसी
पाकिस्तान में गुरुद्वारा ‘ढहाये जाने’ के मामले में हस्तक्षेप करे विदेश मंत्रालय: डीएसजीएमसी
नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी (डीएसजीएमसी)के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से मुलाकात की और पाकिस्तान में ‘125 साल पुराने गुरुद्वारे’ के कुछ हिस्सों को कथित तौर पर ढहाये जाने के मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सरकार से यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया गया कि पड़ोसी देश के फर्रुखाबाद में स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा साहिब को और कोई नुकसान न पहुंचाया जाए या उसे तोड़ा न जाए।
डीएसजीएमसी ने गुरुद्वारे के तोड़े गए हिस्सों का पुनर्निमाण करने और पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के उपासना स्थलों और धरोहरों से जुड़ी ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की भी मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा, ‘‘हम भारत सरकार से यह भी अनुरोध करते हैं कि वह पाकिस्तान सरकार के सामने कड़ा राजनयिक विरोध दर्ज कराए, जिसमें बार-बार हो रही दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं पर सिख समुदाय की गंभीर चिंता जताई जाए और अल्पसंख्यक समुदायों की धार्मिक स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की आवश्यकता को रेखांकित किया जाए।’’
प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि मंत्रालय इस मामले में तुरंत और असरदार कदम उठाएगा और इस पवित्र धरोहर स्थल की सुरक्षा और इसे और नुकसान से बचाने के लिए सभी ज़रूरी उपाय करेगा।
भाषा धीरज माधव
माधव

Facebook


